उत्तराखंड डेली न्यूज: ब्योरो
उत्तराखंड में डेढ़ महीने से राशन कार्ड का ऑनलाइन पोर्टल ठप है, जिससे आयुष्मान कार्ड बनवाने और आरटीई प्रवेश जैसे महत्वपूर्ण कार्य प्रभावित हो रहे हैं। पुराने पोर्टल से नए में डेटा स्थानांतरण के कारण 26 फरवरी से यह बंद है। गरीब लोगों को राशन कार्ड न बनने से परेशानी हो रही है, हालांकि राशन वितरण जारी है। खाद्य आयुक्त ने जल्द पोर्टल खुलने का आश्वासन दिया है।प्रदेश में लगभग डेढ़ महीने से राशन कार्ड के ऑनलाइन कार्य नहीं हो पा रहे हैं। आयुष्मान कार्ड बनवाने से लेकर शिक्षा का अधिकार (आरटीई) के तहत होने वाले प्रवेश में राशन कार्ड आवश्यक है, लेकिन पुराने पोर्टल को नए में स्थानांतरित किए जाने के चलते यह बंद है। इससे लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।उत्तराखंड में सार्वजनिक वितरण प्रणाली के अंतर्गत राशन कार्ड से जुड़े कार्य आरसीएमएस पोर्टल पर संचालित किए जाते थे, जिसके डाटा को यूनिफाइड राशन कार्ड मैनेजमेंट सिस्टम (यूआरसीएमएस) पोर्टल में स्थानांतरित किया जा रहा है।इस कारण 26 फरवरी से पोर्टल बंद है। शुरुआत में सूचना दी गई थी कि 10 दिन के अंदर पोर्टल खुल जाएगा, लेकिन अभी तक यह खुल नहीं पाया है। जानकारी के मुताबिक, पिछले दिनों पोर्टल में खाद्य विभाग के अधिकारियों की आइडी अपडेट करने के लिए उनकी जानकारी मांगी गई थी, लेकिन पोर्टल अभी नहीं खुल पाया है।सामाजिक कार्यकर्ता शकील सलमानी ने बताया कि पोर्टल नहीं खुलने से गरीब लोग अपने राशन कार्ड नहीं बनवा पा रहे हैं। इस कारण उनका आयुष्मान कार्ड नहीं बन रहा है, जिससे उन्हें महंगा इलाज करवाना पड़ रहा है। इंदिरानगर निवासी शबनम नगमा, गीता, लक्ष्मी देवी, हिना सैफी, नई बस्ती निवासी रानी समेत तमाम लोगों ने राशन कार्ड बनवाने के लिए आवेदन किया है, लेकिन उनका कार्ड नहीं बन पा रहा है।
क्या कार्य हैं प्रभावित
हल्द्वानी और नैनीताल क्षेत्रीय खाद्य कार्यालयों में प्रतिदिन 25 से अधिक लोग राशन कार्ड से जुड़ी जानकारी मांगने के लिए आ रहे हैं। इनमें वे लोग भी हैं, जिनका इनकम टैक्स के दायरे में आने के कारण नाम कट गया था। लेकिन पोर्टल बंद होने के कारण कर्मचारी उन्हें कुछ जानकारी नहीं दे पा रहे हैं। इसके अलावा नए राशन कार्ड बनाने, निरस्त करने, यूनिट जोड़ने, ट्रांसफर करने, हटाने, नई दुकान जोड़ने जैसे काम भी ठप हैं।
राशन वितरण पर कोई असर नहीं
नए पोर्टल में स्थानांतरण के चलते राशन कार्ड से जुड़े ऑनलाइन काम नहीं हो पा रहे हैं, लेकिन राशन वितरण पर इसका असर नहीं पड़ा है। लोगों को नियमित रूप से खाद्यान्न बांटा जा रहा है।
