उत्तराखंड डेली न्यूज :ब्योरो

उत्तराखंड सरकार ने मत्स्य पालन क्षेत्र को तकनीकी रूप से सशक्त बनाने की दिशा में एक अहम कदम उठाया है। पशुपालन मंत्री सौरभ बहुगुणा ने बताया कि राज्य सरकार पिछले चार वर्षों से लगातार प्रयास कर रही है कि पशुपालकों और मत्स्य पालकों को केंद्र और राज्य सरकार की योजनाओं से सीधे जोड़ा जा सके। इसी क्रम में अब उत्तराखंड देश का पहला राज्य बन गया है, जिसने सेंट्रल बैंक डिजिटल करेंसी (CBDC) के माध्यम से अपनी फिशरीज योजना को लागू किया है।मंत्री ने कहा कि यह पहल प्रधानमंत्री के डिजिटल इंडिया के विज़न को और मजबूती देती है। इस व्यवस्था से बिचौलियों की भूमिका समाप्त होगी, सब्सिडी में लीकेज रुकेगा और लाभार्थियों को सीधे डिजिटल माध्यम से भुगतान मिलेगा। इसके साथ ही उन्होंने बताया कि प्राकृतिक आपदाओं जैसे भूस्खलन और अत्यधिक वर्षा से प्रभावित मत्स्य पालकों को बीमा योजना के तहत करीब 45 लाख रुपये के चेक वितरित किए गए हैं। सरकार का उद्देश्य योजनाओं के माध्यम से किसानों को आर्थिक रूप से मजबूत बनाना और उनकी आय बढ़ाने में योगदान देना है।
