उत्तराखंड डेली न्यूज :ब्योरो
सुमेरपुर और चेमड़ा क्षेत्र के ग्रामीणों ने सुमेरपुर-डूंगरी मोटरमार्ग का निर्माण कार्य शुरू न होने से नाराज़ होकर रेलवे कार्यालय के बाहर धरना-प्रदर्शन किया। ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि वर्षों बीत जाने के बावजूद सड़क निर्माण का कार्य अभी तक शुरू नहीं किया गया है, जिससे क्षेत्र की जनता को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।ग्रामीणों का कहना है कि रेलवे की RVNL के माध्यम से वर्ष 2018 में आरआर मद के तहत विभिन्न विकास कार्यों के लिए धनराशि लोक निर्माण विभाग (PWD) को उपलब्ध कराई गई थी, लेकिन इसके बावजूद अब तक मोटरमार्ग का निर्माण कार्य शुरू नहीं हो पाया है।इसी के विरोध में ग्रामीणों ने रेलवे निर्माण (मेघा) कंपनी के कार्यालय के बाहर धरना दिया। इस दौरान मौके पर पहुंचे तहसीलदार प्रणव पांडे के साथ ग्रामीणों की तीखी नोकझोंक भी हुई। काफी वार्ता के बाद तहसीलदार ने लिखित रूप में 10 दिन का समय लेते हुए आश्वासन दिया कि निर्धारित अवधि के भीतर मोटरमार्ग के निर्माण हेतु टेंडर प्रक्रिया शुरू कर दी जाएगी।वहीं, ग्रामीणों ने स्पष्ट चेतावनी दी कि यदि 10 दिनों के भीतर टेंडर प्रक्रिया शुरू नहीं की गई, तो 11 अप्रैल 2026 से पुनःअनिश्चितकालीन धरना-प्रदर्शन शुरू किया जाएगा।इस दौरान जिला पंचायत सदस्य पवन कुमार ने भी हस्तक्षेप करते हुए तहसीलदार से वार्ता की, जिसके बाद ग्रामीणों को लिखित आश्वासन मिलने पर फिलहाल धरना स्थगित कर दिया गया।
