उत्तराखंड डेली न्यूज: ब्योरो
देहरादून में चारधाम यात्रा को सुरक्षित और सुचारू बनाने के लिए राष्ट्रीय आपदा प्रबंधन प्राधिकरण (एनडीएमए) ने उत्तराखंड को हर संभव सहयोग देने का भरोसा दिया है। एनडीएमए सदस्य कृष्णा एस वत्स ने कहा कि यह यात्रा पूरे देश के लिए महत्वपूर्ण है और इसके लिए बेहतर आपदा प्रबंधन जरूरी है।
देहरादून में आयोजित टेबल टॉप एक्सरसाइज के दौरान उन्होंने यात्रा मार्गों पर जोखिम आकलन, इम्पैक्ट बेस्ड फोरकास्टिंग, रियल टाइम मॉनिटरिंग, ट्रैफिक व क्राउड मैनेजमेंट को मजबूत करने के निर्देश दिए। साथ ही यात्रियों को समय पर अलर्ट भेजने, स्वास्थ्य सुविधाएं बढ़ाने और हेली सेवाओं की सुरक्षा सुनिश्चित करने पर जोर दिया।एनडीएमए और राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण के संयुक्त अभ्यास में आपदा की स्थिति से निपटने की तैयारियों को परखा गया। अधिकारियों ने कहा कि लक्ष्य “शून्य मृत्यु” रखते हुए चारधाम यात्रा को सुरक्षित, व्यवस्थित और सफल बनाना प्राथमिकता है।
