उत्तराखंड डेली न्यूज: ब्योरो
अपर पुलिस महानिदेशक, अपराध एवं कानून व्यवस्था, उत्तराखण्ड के निर्देशों के क्रम में आज जनपद रुद्रप्रयाग में सुरक्षा व्यवस्था को चाक-चौबन्द करने के उद्देश्य से एक विशेष चेकिंग एवं सत्यापन अभियान चलाया जा रहा है। पुलिस अधीक्षक रुद्रप्रयाग सुश्री नीहारिका तोमर के निर्देशन में संचालित यह अभियान रात्रि 11:00 बजे से 01:00 बजे तक जनपद की सभी पांचों मुख्य कोतवाली यथा रुद्रप्रयाग, अगस्त्यमुनि, ऊखीमठ, गुप्तकाशी और सोनप्रयाग में एक साथ संचालित है। अभियान के दौरान पुलिस की विजिबिलिटी पर विशेष जोर दिया जा रहा है ताकि आमजन में सुरक्षा का भरोसा बढ़े और असमाजिक तत्वों में पुलिस की सशक्त उपस्थिति का संदेश जाए।इस विशेष अभियान के तहत सभी क्षेत्राधिकारियों द्वारा स्वयं फील्ड में उतरकर नेतृत्व किया जा रहा है और थाना व चौकी प्रभारियों के साथ मिलकर सघन नाकाबन्दी सुनिश्चित की जा रही है। चेकिंग के दौरान पुलिस टीम का मुख्य ध्यान अवैध शस्त्रों की बरामदगी, नशीले पदार्थों की तस्करी पर रोक और वांछित अपराधियों के सत्यापन पर है, संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की तलाशी लेते हुए उनके दस्तावेजों की जांच की जा रही है। रुद्रप्रयाग पुलिस स्पष्ट करती है कि सुरक्षा और कानून-व्यवस्था से समझौता करने वालों के विरुद्ध यह कार्यवाही आगे भी निरन्तर जारी रहेगी। पुलिस प्रशासन के स्तर से नागरिकों से अपील है कि वे चेकिंग के दौरान सहयोग करें ताकि जनपद में शांतिपूर्ण वातावरण बना रहे। किसी भी प्रकार की आपराधिक घटना या अवांछित सूचना को 112 पर अवश्य दें।
