उत्तराखंड डेली न्यूज़: ब्योरो
देहरादून में जिलाधिकारी सविन बंसल की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट के ऋषिपर्णा सभागार में आयोजित जनदर्शन/जनसुनवाई में 163 शिकायतें दर्ज हुईं। भूमि विवाद, अतिक्रमण, भरणपोषण, पेंशन, बिजली, सड़क, शिक्षा व श्रम से जुड़े मामलों पर मौके पर ही त्वरित कार्रवाई की गई।जनदर्शन में एक विधवा को राइफल क्लब फंड से आर्थिक सहायता और विधवा पेंशन तत्काल स्वीकृत की गई। बुजुर्ग दंपती को घर से निकाले जाने के मामले में भरणपोषण अधिनियम के तहत वाद दर्ज कराया गया। पुलिस पब्लिक स्कूल की शिक्षिका की शिकायत पर मुख्य शिक्षा अधिकारी से 3 दिन में जांच व एक्शन टेकन रिपोर्ट मांगी गई। अवैध अतिक्रमण, सीवर लाइन, विद्युत पोल शिफ्टिंग, घटिया सड़क निर्माण, बिना अभिलेखीय प्रक्रिया के दिए गए ऋण, मजदूरी भुगतान जैसे मामलों पर संबंधित अधिकारियों को समयबद्ध निस्तारण के निर्देश दिए गए। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के मार्गदर्शन में जिला प्रशासन के जनदर्शन पर जनता का भरोसा बढ़ता दिखा।
