उत्तराखंड डेली न्यूज़: ब्योरो

विश्व पर्यावरण दिवस 2025 के अवसर पर महिला सशक्तिकरण एवं बाल विकास विभाग, उत्तराखण्ड द्वारा राज्य भर के लगभग 20,000 आंगनवाड़ी केंद्रों में एक साथ पौधरोपण अभियान संचालित किया गया। इस अभियान का उद्देश्य पर्यावरण संरक्षण के प्रति जनजागरूकता बढ़ाना, बच्चों में प्रकृति के प्रति संवेदनशीलता विकसित करना तथा आंगनवाड़ी केंद्रों को हरित और स्वच्छ वातावरण प्रदान करना है। प्रत्येक आंगनवाड़ी कार्यकर्ता एवं सहायिका ने स्थानीय बच्चों, माताओं और समुदाय के सदस्यों के साथ मिलकर पौधों का रोपण किया, जिसमें फलदार, छायादार और औषधीय पौधों को प्राथमिकता दी गई। माननीय महिला सशक्तिकरण एवं बाल विकास मंत्री ने इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि, “पर्यावरण संरक्षण केवल सरकार की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि समाज के हर वर्ग की भागीदारी से ही संभव है। आंगनवाड़ी केंद्रों द्वारा यह पहल एक सकारात्मक और स्थायी बदलाव की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।विभागीय निदेशक श्री प्रशांत आर्य जी ने बताया कि प्रत्येक आंगनवाड़ी केंद्र में लगाए गए पौधों की देखभाल की जिम्मेदारी संबंधित केंद्रों की कार्यकर्ताओं को सौंपी गई है तथा इसकी सतत निगरानी भी की जाएगी। इस अवसर पर विभाग के सभी अधिकारियों, कर्मचारियों और आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं ने पर्यावरण संरक्षण की शपथ भी ली और यह संकल्प लिया कि वे भविष्य में भी ऐसी पहलों के माध्यम से प्रदेश को स्वच्छ, हरित एवं सुंदर बनाए रखने में सहयोग करते रहेंगे ।
