उत्तराखंड डेली न्यूज: ब्योरो
भारतीय क्रिकेट टीम के टी20 विश्वकप जीतने पर कप्तान सूर्यकुमार यादव के पैतृक गांव हथौड़ा, गाजीपुर में होली-दीवाली जैसा जश्न मना। सूर्यकुमार द्वारा पिच की मिट्टी चूमने का दृश्य देख दादा विक्रमा यादव भावुक हो गए।भारतीय क्रिकेट टीम का विश्वकप विजेता बनने पर कप्तान सूर्यकुमार के गांव में होली-दीवाली एक साथ मनने लगी। सूर्यकुमार यादव की कप्तानी में टी20 विश्वकप जितने पर जयकारा लगाने लगे। IND vs NZ फाइनल मैच जीतने के बाद सूर्यकुमार के पिच की मिट्टी माथे लगाने का दृश्य देख सूर्यकुमार के दादा विक्रमा यादव भावुक हो गए। नम आंखों से पोते सूर्यकुमार यादव की बलैयां लेने लगे।वहीं, सभी क्रिकेट प्रेमी आतिशबाजी के साथ एक दूसरे को मिठाई खिलाकर जश्न में डूब गए। सूर्यकुमार के घर भारी संख्या में क्रिकेट प्रेमी मैच देख रहे थे। न्यूजीलैंड के हर विकेट गिरने पर लोग पटाखों के साथ जयकारा भी लगा रहे थे।अपने लाल को इतिहास रचते देख सूर्यकुमार के सभी स्वजन भावुक होकर एक दूसरे के गले लग गए। चारों ओर से आतिशबाजी की शोर सुनाई देने लगी।वहीं, मैच शुरू होने से पहले टी-20 विश्वकप क्रिकेट के फाइनल में भारतीय टीम की जीत के लिए रविवार को क्रिकेट प्रेमी अपने-अपने तरीके से पूजा-पाठ और दुआ करते रहे। सूर्यकुमार यादव के गांव और जिले में भी उत्साह चरम पर है। उनके स्वजन भी उन्हें आईसीसी टी-20 विश्वकप की ट्रॉफी उठाते देखने को उत्साहित रहे।
खिलाड़ियों के नाम से की गई विशेष पूजा
सूर्यकुमार यादव के चाचा राजकपूर यादव ने रविवार की सुबह कैथी स्थित मार्कण्डेय महादेव धाम में भारतीय टीम के सभी खिलाड़ियों के नाम से विशेष पूजा और आरती कराई। इससे पहले सूर्यकुमार की मां सपना देवी ने भी विश्वकप जीत की कामना को लेकर काशी विश्वनाथ मंदिर सहित काशी और लहुरी काशी के कई देवालयों में पूजा-अर्चना की थी।चाचा लोरिक यादव ने कहा कि सूर्यकुमार यादव का अपने नेतृत्व में विश्वकप जीतना और महेंद्र सिंह धोनी व रोहित शर्मा जैसे विश्वविजेता खिलाड़ियों के साथ इतिहास में नाम दर्ज कराना पूरे परिवार और जिले के लिए गौरव की बात है।
