उत्तराखंड डेली न्यूज: ब्योरो
जनपद रुद्रप्रयाग के अन्तर्गत तोलब गाँव (मयकोटी) में आज एक आवासीय भवन में भीषण आग लगने से हड़कंप मच गया, जिसे फायर सर्विस की तत्परता ने एक बड़े हादसे में तब्दील होने से रोक लिया। आज प्रातः 07:17 बजे PFT सेट के माध्यम से सूचना प्राप्त होते ही स्टेशन प्रभारी के कुशल नेतृत्व में फायर यूनिट अगस्त्यमुनि एवं फायर यूनिट रतूड़ा की टीमें तत्काल घटनास्थल के लिए रवाना हुईं। मौके पर पहुंचकर अग्निशमन दल ने देखा कि आग की लपटें मकान को तेजी से अपनी चपेट में ले रही थीं, जिस पर बिना समय गंवाए मोटर फायर इंजन (MFE) से पम्पिंग शुरू की गई। फायर फाइटर्स ने एक होज लाइन और फायर एक्सटिंग्विशर के प्रभावी प्रयोग से आग की दिशा को नियंत्रित करते हुए उसे पूर्णतः बुझा दिया। विभाग की इस त्वरित और साहसिक कार्यवाही के फलस्वरूप न केवल एक सम्भावित बड़ी अनहोनी को टाला गया, बल्कि आसपास के अन्य मकानों को भी सुरक्षित बचा लिया गया। राहत की बात यह रही कि इस पूरे घटनाक्रम में कोई जनहानि नहीं हुई, जिसके लिए स्थानीय ग्रामीणों ने फायर सर्विस की कार्यप्रणाली की भूरि-भूरि प्रशंसा की है।
