उत्तराखंड डेली न्यूज: ब्योरो
महराजगंज जिले में आपदा प्रबंधन को सुदृढ़ करने के लिए भारत सरकार के कर्मयोगी पोर्टल पर ऑनलाइन प्रशिक्षण अनिवार्य किया गया है।जिले में आपदा प्रबंधन व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ बनाने के उद्देश्य से भारत सरकार के कर्मयोगी पोर्टल पर उपलब्ध ऑनलाइन प्रशिक्षण को अनिवार्य किया जा रहा है। उत्तर प्रदेश राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण की ओर से मिले दिशा निर्देशों के बाद अपर जिलाधिकारी ने समस्त विभागों के कर्मियों के लिए इस प्रशिक्षण को अनिवार्य कर दिया है।जिला आपदा विशेषज्ञ चंदन द्विवेदी ने बताया कि बाढ़, वज्रपात, सर्पदंश, लू, शीतलहर, ओलावृष्टि और आंधी-तूफान जैसी प्राकृतिक आपदाओं के दौरान त्वरित और प्रभावी कार्रवाई के लिए अधिकारियों का प्रशिक्षित होना बेहद जरूरी है।इसी को ध्यान में रखते हुए जिलाधिकारी, पुलिस अधीक्षक, मुख्य विकास अधिकारी, नगर आयुक्त, उपजिलाधिकारी और तहसीलदार सहित अन्य अधिकारियों के लिए यह प्रशिक्षण अनिवार्य किया गया है।उन्होंने बताया कि कर्मयोगी पोर्टल पर आपदा प्रबंधन से जुड़े विभिन्न कोर्स उपलब्ध हैं, जिनमें आपदा योजना निर्माण, जोखिम आकलन, संचार माध्यमों का उपयोग, बाढ़ और वज्रपात से बचाव जैसे विषय शामिल हैं। इन कोर्सों को एक माह के भीतर पूरा कर प्रमाण-पत्र संबंधित प्राधिकरण को उपलब्ध कराना होगा।द्विवेदी ने कहा कि इस प्रशिक्षण से अधिकारियों की आपदा से निपटने की क्षमता में उल्लेखनीय वृद्धि होगी। आपात स्थिति में त्वरित निर्णय लेने, संसाधनों के बेहतर उपयोग और जनहानि को कम करने में यह प्रशिक्षण सहायक साबित होगा। साथ ही आम जनता को जागरूक करने और समय रहते राहत एवं बचाव कार्य को प्रभावी ढंग से संचालित करने में भी मदद मिलेगी।उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि नवनियुक्त अधिकारियों को पदभार ग्रहण करने के एक माह के भीतर यह प्रशिक्षण पूरा करना अनिवार्य होगा, जिससे भविष्य में किसी भी आपदा की स्थिति में प्रशासन पूरी तरह तैयार रहे।
