उत्तराखंड डेली न्यूज़: ब्योरो
रामपुर। नैनीताल का सफर अब और आसान हो गया है। बरेली और मुरादाबाद से नैनीताल जाने वाले वाहनों के लिए करीब 500 मीटर लंबे फोरलेन फ्लाईओवर की एक साइड से वाहनों का आवागमन शुरू हो गया है। इससे कांवड़ यात्रा के दाैरान न सिर्फ कांवड़ियों को आसानी होगी, बल्कि शहर में जाम से भी राहत मिलेगी। बारिश थमने के बाद पुल की दूसरी साइड पर बचे हुए काम को पूरा कर इसे पूरी तरह खोल दिया जाएगा।रामपुर से नैनीताल जाने के लिए लोगों को शहर के बीच सिविल लाइंस स्थिति मालगोदाम तिराहे से नैनीताल रोड पर जाना होता था, जिसकी वजह से शहर में जाम की स्थिति पैदा हो जाती थी। इसको देखते हुए राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण की ओर से लखनऊ-दिल्ली बाईपास के शहजादनगर जीरो प्वाइंट से एक फ्लाईओवर का निर्माण कराया गया है।करीब तीन साल पहले इसका निर्माण शुरू हुआ था। दुर्गनगला से शुरू होकर यह फोरलेन फ्लाईओवर भोट क्षेत्र में नैनीताल रोड को जोड़ता है। करीब 188 करोड़ रुपये की लागत से फोरलेन फ्लाईओवर तैयार किया गया है, जिसका अब कुछ ही काम बाकी है। करीब 500 मीटर लंबे इस पुल के जरिये बरेली से नैनीताल जाने वाले वाले सीधे दुर्गनगला के पास से घूमते हुए पुल पर चढ़ेंगे। इसी तरह मुरादाबाद से आने वाले वाहन भी नैनीताल जाने के लिए इसी मार्ग से पुल पर चढ़ेंगे। इस फोरलेन फ्लाईओवर की एक साइड को चालू कर दिया गया है। इससे कांवड़ यात्रा के दाैरान कांवड़ियों को भी काफी आराम रहेगी। अफसरों का कहना है कि पुल का कुछ काम अभी शेष रह गया है, जिसे बारिश थमने के बाद 15 दिन में पूरा करा लिया जाएगा।
