उत्तराखंड डेली न्यूज़: ब्योरो
उत्तराखंड के काठगोदाम में बुलडोजर एक्शन देखने को मिला। शहर में दुकानों पर बिना अनुमति के किए अवैध निर्माण ढहाए गए। नगर निगम की अनुबंधित दुकानों और एक निजी भवन में अवैध निर्माण किया गया था।उत्तराखंड के काठगोदाम रेलवे स्टेशन चौराहे पर बिना अनुमति निर्माण किए जाने की शिकायत पर मंगलवार को प्रशासन और नगर निगम की टीम ने कार्रवाई की। नगर निगम की छह अनुबंधित दुकानों की पहली मंजिल और निजी भवन की तीसरी मंजिल पर बिना अनुमति किए गए निर्माण को कार्मिक और मशीनों की मदद से ध्वस्त किया गया। इसके साथ ही आगे से बिना अनुमति निर्माण किए जाने पर कानूनी कार्रवाई की चेतावनी दी गई।रेलवे स्टेशन चौराहे पर भी चौड़ीकरण
शहर में सड़कों पर वाहनों के बढ़ते दबाव को देखते हुए चौड़ीकरण किया जा रहा है। काठगोदाम रेलवे स्टेशन चौराहे पर भी चौड़ीकरण किया गया है। सिटी मजिस्ट्रेट गोपाल चौहान ने बताया कि टूटी दुकानों को ठीक करने की आड़ में निगम की अनुबंधित छह दुकानों के स्वामी और एक निजी प्रतिष्ठान के मालिक ने बिना अनुमति के अतिरिक्त निर्माण कर दिया। निगम की दुकानों की पहली मंजिल पर दुकानें बनाकर छत तक डाल दी गई है। वहीं निजी प्रतिष्ठान के स्वामी ने तीसरी मंजिल पर कमरा और भवन की शो के लिए बिना अनुमति लिए एल्युमीनियम का जाल बनाकर एलिवेशन बना दिया गया। इसके लिए नियमानुसार नगर निगम और प्राधिकरण से कोई अनुमति नहीं ली गई। कई घंटे तक चली कार्रवाई के दौरान निर्माण ध्वस्त किया गया।2016 में निगम ने दी थी निर्माण की मंजूरी
चौराहे पर मौजूद निगम की सात दुकानों की पहली मंजिल पर निर्माण के लिए निगम ने 2016 में अनुबंध के आधार पर अनुमति दी थी। इसके लिए तय धनराशि भी निगम में दुकानदारों ने जमा की थी। लेकिन अनुबंध के अनुसार केवल एक दुकानदार ने ही निर्धारित छह माह में निर्माण किया। वहीं बाकि के छह दुकानदारों ने नौ साल बाद उसी पत्र के आधार पर निर्माण कर दिया। निगम प्रशासन ने इसे अनुबंध की शर्तों का उल्लंघन बताकर निर्माण पर रोक लगाई है।
