उत्तराखंड डेली न्यूज: ब्योरो
कैग रिपोर्ट के अनुसार, उत्तराखंड पावर कारपोरेशन लिमिटेड (UPCL) की आय 2021-24 के दौरान बढ़ी, लेकिन बिजली खरीद महंगी होने से खर्च भी काफी बढ़ गया।कैग रिपोर्ट के अनुसार वित्तीय वर्ष 2021से 2024 तक उत्तराखंड पावर कारपोरेशन लिमिटेड की आय बढ़ी तो खर्च भी। वर्ष 2020-21 में संचालन से यूपीसीएल की आय 6,453.92 करोड़ रुपये थी, जो बढ़कर 2023-24 में 9,648.12 करोड़ तक पहुंच गई। बिजली खरीद महंगी होने के कारण यूपीसीएल पर वित्तीय दबाव बढ़ा। बिजली खरीदने पर हुआ खर्च वर्ष 2020-21 में 5,574.46 करोड़ रुपये से बढ़कर 2023-24 में 8,566.36 करोड़ रुपये हो गया।पहाड़ी क्षेत्रों में ज्यादा वितरण हानि,वितरण हानि का स्तर पहाड़ी क्षेत्रों में अधिक पाया गया। पांच विद्युत वितरण मंडलों की पहचान की गई, जहां वितरण हानि सबसे ज्यादा है। इनमें रुड़की, लालकुआं, पिथौरागढ़, देहरादून और कर्णप्रयाग हैं। इनमें से चार मंडल पहाड़ी क्षेत्रों के हैं, जहां पर कठिन भौगोलिक परिस्थितियों व कम उपभोक्ताओं के कारण बिजली वितरण हानि सबसे अधिक हुई। रुड़की विद्युत मंडल में वर्ष 2021 से 2024 के दौरान लगभग 964.465 मिलियन यूनिट के साथ 488.50 करोड़ रुपये का नुकसान यूपीसीएल को हुआ।बिजली चोरी रोकने को बनें समर्पित थाने,कैग रिपोर्ट में सामने आया कि बिजली चोरी रोकने के लिए समर्पित पुलिस थाने स्थापित करने का निर्णय लंबे समय से लंबित है। कैग ने उल्लेख किया कि पड़ोसी राज्य उत्तर प्रदेश सहित कई राज्यों में बिजली चोरी रोकने को विशेष पुलिस थाने स्थापित हैं। जल्द समर्पित पुलिस थाने स्थापित करने की सिफारिश की गई।
