उत्तराखंड डेली न्यूज: ब्योरो
मुख्यमंत्री धामी के निर्देश पर उत्तराखंड में शहरी परिवहन को आधुनिक बनाने के लिए बड़े कदम उठाए गए हैं। आवास सचिव डॉ. आर. राजेश कुमार की अध्यक्षता में हुई बैठक में देहरादून में ई-बीआरटीएस, हरिद्वार में इंटीग्रेटेड रोपवे और ऋषिकेश में त्रिवेणी घाट-नीलकंठ रोपवे परियोजनाओं की समीक्षा की गई। इन परियोजनाओं का उद्देश्य यातायात को सुगम और पर्यावरण अनुकूल बनाना है, जिससे राज्य में आवागमन में क्रांतिकारी बदलाव आएगा।मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के दिशा-निर्देशों के क्रम में प्रदेश की शहरी परिवहन व्यवस्था को आधुनिक, सुगम और पर्यावरण अनुकूल बनाने की दिशा में बड़ा कदम उठाया गया है।आवास सचिव डा. आर. राजेश कुमार की अध्यक्षता में आयोजित बैठक में विभिन्न परियोजनाओं की विस्तृत समीक्षा की गई, जिसमें देहरादून और हरिद्वार सहित ऋषिकेश क्षेत्र की बहुप्रतीक्षित परियोजनाओं की प्रगति पर गंभीर मंथन हुआ।बैठक में उत्तराखंड मैट्रो रेल कारपोरेशन के प्रबंध निदेशक बृजेश कुमार मिश्रा सहित निगम के वरिष्ठ अधिकारियों ने भाग लिया और विभिन्न परियोजनाओं का प्रस्तुतीकरण किया।
त्रिवेणी घाट-नीलकंठ रोपवे को मिली अहम स्वीकृति
बैठक में जानकारी दी गई कि त्रिवेणी घाट से नीलकंठ मंदिर तक प्रस्तावित रोपवे परियोजना को आवश्यक अनुमोदन प्राप्त हो चुका है। निगम की ओर से स्टेज-एक फारेस्ट क्लीयरेंस के लिए आवेदन भी कर दिया गया है। यह परियोजना न केवल श्रद्धालुओं की सुविधा बढ़ाएगी बल्कि पर्वतीय यातायात दबाव को कम करने में भी सहायक होगी।
