उत्तराखंड डेली न्यूज:ब्योरो

पुलिस अधीक्षक रुद्रप्रयाग के निर्देशन में जनपद पुलिस द्वारा “पुलिस आपके द्वार” की भावना को चरितार्थ करते हुए जन-संवाद कार्यक्रमों में तेजी लाई जा रही है। इसी क्रम में आज, चौकी प्रभारी घोलतीर, उपनिरीक्षक सूरज कंडारी द्वारा ग्राम सभा सारी में ग्रामीणों के साथ एक विस्तृत चौपाल का आयोजन किया गया।
गौरतलब है कि हाल ही में राजस्व पुलिस (पटवारी पुलिस) क्षेत्र से नियमित पुलिस क्षेत्र में सम्मिलित की गई 16 ग्राम सभाओं में सुरक्षा और सामंजस्य स्थापित करने के लिए यह अभियान चलाया जा रहा है।
चौपाल के मुख्य बिंदु-
• साइबर अपराध से बचाव: ग्रामीणों को वर्तमान में बढ़ रहे डिजिटल फ्रॉड, ओटीपी शेयरिंग और लुभावने लिंक्स से सावधान रहने के प्रति जागरुक किया गया। उन्हें बताया गया कि किसी भी साइबर ठगी की स्थिति में तत्काल हेल्पलाइन नंबर 1930 पर सूचना दें।
• नशा मुक्ति अभियान: ड्रग्स फ्री देवभूमि के संकल्प को दोहराते हुए पुलिस ने युवाओं को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति सचेत किया। ग्रामीणों से अपील की गई कि यदि क्षेत्र में कोई भी व्यक्ति अवैध नशे के कारोबार में संलिप्त पाया जाता है, तो उसकी सूचना गुप्त रूप से पुलिस को दें।
• सड़क सुरक्षा: पहाड़ी मार्गों पर यातायात नियमों के पालन, हेलमेट/सीटबेल्ट के प्रयोग और ओवरलोडिंग से बचने के निर्देश दिए गए।
• नियमित पुलिसिंग से परिचय: चूंकि यह क्षेत्र नया-नया नियमित पुलिस के अधिकार क्षेत्र में आया है, इसलिए ग्रामीणों को पुलिस की कार्यप्रणाली, एफआईआर प्रक्रिया और आपातकालीन नम्बरों की जानकारी दी गई ताकि उनके मन से पुलिस का भय दूर हो और विश्वास बढ़े।चौकी प्रभारी सूरज कंडारी ने ग्रामीणों को आश्वस्त किया कि पुलिस उनकी सुरक्षा और सहायता के लिए सदैव तत्पर है। राजस्व क्षेत्र से नियमित पुलिस में हस्तांतरण का मुख्य उद्देश्य क्षेत्र में कानून व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ करना है। ग्रामीणों ने भी पुलिस की इस पहल का स्वागत किया और पूर्ण सहयोग का आश्वासन दिया।
