उत्तराखंड डेली न्यूज:ब्योरो
जनपद पुलिस द्वारा मित्र पुलिस के ध्येय वाक्य को चरितार्थ करते हुए आज कोतवाली ऊखीमठ परिसर में मानवता और जीव-दया की एक अनुपम मिसाल पेश की गई। आज सुबह कोतवाली परिसर में पुलिस कर्मियों की दृष्टि एक ऐसी गाय पर पड़ी, जो पैर में गंभीर चोट के कारण अत्यधिक कष्ट में थी और लंगड़ाकर चल रही थी। बेजुबान की पीड़ा को देखते हुए ऊखीमठ पुलिस ने तत्काल संवेदनशीलता दिखाई और बिना विलंब किए पशुपालन विभाग से संपर्क कर डॉक्टरों की टीम को मौके पर बुलवाया। पशु चिकित्सा टीम के परामर्श पर पुलिस कर्मियों ने त्वरित कार्रवाई करते हुए बाजार से आवश्यक दवाएं और चिकित्सा सामग्री क्रय कर उपलब्ध कराई, जिसके बाद डॉक्टरों के मार्गदर्शन में घायल गाय के पैर का विधिवत उपचार कर उस पर प्लास्टर चढ़ाया गया। कोतवाली ऊखीमठ के समस्त अधिकारियों और कर्मचारियों द्वारा किए गए इस पुनीत कार्य की स्थानीय जनता और राहगीरों द्वारा भूरी-भूरी प्रशंसा की जा रही है। पुलिस का यह मानवीय चेहरा स्पष्ट करता है कि खाकी वर्दी केवल कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए ही नहीं, बल्कि समाज में सेवा, करुणा और सुरक्षा का भाव जागृत करने के लिए भी सदैव तत्पर है।
