उत्तराखंड डेली न्यूज: ब्योरो
*जनपद रुद्रप्रयाग में अवैध शराब के विरुद्ध चलाए जा रहे सघन अभियान के अन्तर्गत कोतवाली अगस्तमुनि पुलिस ने अलग-अलग स्थानों से दो व्यक्तियों को अवैध शराब की तस्करी करते हुए गिरफ्तार किया है।*
पहले मामले में, पुलिस ने ग्राम टाट निवासी अरविंद कंडारी पुत्र दयाल सिंह कंडारी को पकड़ा, जिसके कब्जे से 36 हाफ सोलमेट शराब बरामद की गई है। इस सम्बन्ध में अभियुक्त के विरुद्ध कोतवाली अगस्तमुनि में मुकदमा अपराध संख्या 9/26 धारा 60(1) आबकारी अधिनियम में अभियोग पंजीकृत किया गया है। वहीं, दूसरी कार्रवाई में पुलिस ने रघुवीर सिंह पुत्र ज्वाला सिंह, निवासी डोबलिया (पोस्ट तिमली), को गिरफ्तार किया। इसके पास से 16 बोतल मैकडॉवेल्स शराब बरामद हुई है। इस प्रकरण में मुकदमा अपराध संख्या 10/26 धारा 60(1) आबकारी अधिनियम के अन्तर्गत कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
जनपद रुद्रप्रयाग पुलिस की ओर से स्पष्ट किया गया है कि जनपद में अवैध शराब का कारोबार करने वाले किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा। पुलिस प्रशासन की यह कार्रवाई भविष्य में भी जारी रहेगी। आमजन से भी अपेक्षा की जाती है कि वे ऐसी अवैध गतिविधियों की सूचना तत्काल पुलिस को अवश्य दें।
