उत्तराखंड डेली न्यूज :ब्योरो

रुड़की में शुक्रवार सुबह घना कोहरा और सर्द हवाएं चलीं, जिससे कड़ाके की ठंड महसूस हुई। बाद में धूप खिलने से राहत मिली। भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान रुड़की के अनुसार, हरिद्वार जिले में 2 से 4 फरवरी तक मौसम फिर करवट लेगा। इस दौरान आंशिक रूप से बादल छाए रहेंगे, आंधी-तूफान और हल्की वर्षा की संभावना है। अधिकतम तापमान 20.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।शिक्षानगरी में शुक्रवार सुबह कोहरे की घनी चादर लिपटी रही। साथ ही सर्द हवा भी चलीं। जिस वजह से लोगों को कड़ाके की ठंड का सामना करना पड़ा। लेकिन बाद में धूप खिलने से लोगों को ठंड से राहत मिली। वहीं दो फरवरी से मौसम फिर से करवट लेगा,शुक्रवार को शहर और आसपास के क्षेत्रों में सुबह वातावरण में कोहरा छाया रहा। इस वजह से दृश्यता कम रही। ऐसे में वाहन चालकों को आवाजाही में परेशानी हुई। चालकों को सुबह भी वाहन की लाइट जलानी पड़ी।वहीं सुबह करीब साढ़े नौ बजे के बाद मौसम धीरे-धीरे साफ होने लगा। जबकि इसके कुछ देर बाद धूप खिल गई। धूप निकलने से लोगों को ठंड से राहत मिली। हालांकि बीच-बीच में बादलों की भी आवाजाही होती रही।शुक्रवार को शहर का अधिकतम तापमान 20.6 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया। जोकि सामान्य से 1.4 डिग्री सेल्सियस कम रहा। जबकि न्यूनतम तापमान 8.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ। उधर, भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान रुड़की के जल संसाधन विकास एवं प्रबंधन विभाग में संचालित ग्रामीण कृषि मौसम सेवा परियोजना से मिली जानकारी के अनुसार हरिद्वार जिले में दो से लेकर चार फरवरी तक आंशिक रूप से बादल छाये रहेंगे। आंधी-तूफान आने और हल्की वर्षा की संभावना है।फरवरी के पहले हफ्ते में बर्फबारी का पूर्वानुमान देहरादून, उत्तराखंड में तीन दिन से मौसम शुष्क बना है। शीतकाल सूखा बीतने के बाद जनवरी में वर्षा-बर्फबारी से कुछ राहत मिली। मौसम विभाग के अनुसार रविवार से फिर वर्षा-बर्फबारी का एक चक्र और शुरू हो सकता है। ऐसा ताजा पश्चिमी विक्षोभ के बनने से नजर आ रहा है। फरवरी के पहले सप्ताह में हल्की से मध्यम वर्षा का पूर्वानुमान है।
