उत्तराखंड डेली न्यूज: ब्योरो

जनपद में कानून व्यवस्था को सुदृढ़ करने एवं ग्रामीण क्षेत्रों में सूचना तंत्र को और अधिक सक्रिय बनाने हेतु पुलिस अधीक्षक रुद्रप्रयाग द्वारा दिए गए दिशा-निर्देशों के अनुपालन में आज दिनांक 01 फरवरी 2026 को थाना अगस्त्यमुनि में एक बैठक का आयोजन किया गया। बैठक की अध्यक्षता प्रभारी निरीक्षक अगस्त्यमुनि, गुमान सिंह नेगी द्वारा की गई।
• सूचनाओं का त्वरित आदान-प्रदान: प्रभारी निरीक्षक ने उपस्थित ग्राम प्रहरियों को निर्देशित किया कि वे अपने-अपने क्षेत्रों में होने वाली किसी भी संदिग्ध गतिविधि, अवैध नशे के कारोबार या सामाजिक सौहार्द बिगाड़ने वाली घटनाओं की सूचना तत्काल थाना पुलिस को दें।
• सत्यापन प्रक्रिया पर जोर: क्षेत्र में आने वाले बाहरी व्यक्तियों, फेरीवालों और मजदूरों के अनिवार्य पुलिस सत्यापन हेतु ग्रामीणों को जागरुक करने के निर्देश दिए गए। उन्होंने स्पष्ट किया कि बिना सत्यापन के किसी भी अज्ञात व्यक्ति को गांव में रहने की अनुमति न दी जाए।
• जन-जागरुकता अभियान: ग्राम प्रहरियों को निर्देशित किया गया कि वे गांवों में साइबर अपराधों (Online Fraud) से बचाव, महिला सुरक्षा और यातायात नियमों के प्रति लोगों को जागरूक करें।
• नशा मुक्ति अभियान: वर्तमान में चलाए जा रहे नशा मुक्ति अभियान के तहत, गांवों में मादक पदार्थों की बिक्री या सेवन करने वालों पर कड़ी नजर रखने और पुलिस का सहयोग करने की अपील की गई।बैठक के दौरान प्रभारी निरीक्षक गुमान सिंह नेगी ने कहा कि ग्राम प्रहरी पुलिस और जनता के बीच एक महत्वपूर्ण सेतु का कार्य करते हैं। ग्रामीण सुरक्षा व्यवस्था में उनका योगदान अत्यन्त महत्वपूर्ण है। उन्होंने सभी प्रहरियों को उनकी समस्याओं के निराकरण का आश्वासन दिया और निष्ठापूर्वक कार्य करने हेतु प्रोत्साहित किया।बैठक में थाना क्षेत्र के समस्त ग्राम प्रहरी उपस्थित रहे।
