उत्तराखंड डेली न्यूज: ब्योरो
जनपद पुलिस की व्यवस्थाओं को चुस्त-दुरुस्त रखने, सरकारी संपत्ति की उपयोगिता जांचने और कार्मिकों की कार्यदक्षता को परखने के उद्देश्य से आज पुलिस अधीक्षक रुद्रप्रयाग, सुश्री नीहारिका तोमर द्वारा रिजर्व पुलिस लाइन रतूड़ा का वार्षिक निरीक्षण किया गया।
• गार्द निरीक्षण और टर्नआउट –
पुलिस लाइन पहुंचने पर पुलिस अधीक्षक का मान-प्रणाम स्वीकार कर सलामी गार्द का निरीक्षण किया गया, जहां गार्द का टर्नआउट और ड्रिल सही पाई गई।
• आपदा प्रबंधन और सुरक्षा – एसपी ने आपदा प्रबंधन उपकरणों का गहन निरीक्षण किया। उन्होंने निर्देश दिए कि उपकरणों को थानों व चौकियों की मांग के अनुसार आवंटित किया जाए और खराब उपकरणों को तत्काल बदला जाए। साथ ही, सभी कार्मिकों को एसडीआरएफ (SDRF) के माध्यम से इन उपकरणों के संचालन का विशेष प्रशिक्षण दिलाने के निर्देश दिए।
• मेस, बैरक और स्वच्छता – निरीक्षण के दौरान रिक्रूट ब्रीफिंग ली गई और अलग से संचालित हो रहे रिक्रूट मेस का जायजा लिया गया। भोजनालय मेन्यू, राशन स्टोर और कैश बुक की जांच करते हुए उन्होंने सफाई व्यवस्था पर संतोष व्यक्त किया। हालांकि, भवनों की छतों पर पानी रुकने की समस्या के त्वरित समाधान और वॉशरूम की स्वच्छता को निरंतर बनाए रखने के कड़े निर्देश दिए।
• कार्यालयी एवं वित्तीय समीक्षा – कैश कार्यालय और गणना कार्यालय के निरीक्षण में राजकीय रोकड़ बही व अन्य रजिस्टर अद्यावधिक पाए गए।
• शस्त्रागार, स्टोर एवं परिवहन – शस्त्रागार में शस्त्रों की साफ-सफाई सही मिली, यहां उन्होंने हस्ताक्षर प्रक्रिया को और पुख्ता करने के निर्देश दिए। स्टोर निरीक्षण के दौरान पुराने टेंट आदि को निष्प्रयोज्य घोषित करने हेतु पत्रावली पर अनुस्मारक भेजने तथा जैकेटों के विवरण में सुधार हेतु अतिरिक्त मैनपावर लगाकर शत-प्रतिशत भौतिक सत्यापन के निर्देश दिए। साथ ही, कोतवाली व चौकियों में सामग्री वितरण का भौतिक सत्यापन सुनिश्चित करने को कहा। परिवहन शाखा को वाहनों की समय पर सर्विसिंग और माइलेज बुक अपडेट रखने हेतु निर्देशित किया गया।
फिटनेस और मनोरंजन – पुलिस लाइन जिम, पुस्तकालय और मनोरंजन कक्ष का निरीक्षण करते हुए उन्होंने अनुपयोगी सामान (जैसे पुरानी टीवी ट्रॉली) हटाने और जिम का अधिकतम सदुपयोग सुनिश्चित करने को कहा।
• कार्मिक सम्मेलन – निरीक्षण के उपरांत आयोजित सम्मेलन में एसपी ने पुलिस लाइन के सभी प्रभारियों और कार्मिकों की समस्याएं सुनीं। उन्होंने साप्ताहिक रूप से स्वच्छता अभियान चलाने के साथ-साथ कार्मिकों की फिटनेस हेतु खेल गतिविधियां आयोजित करने के निर्देश दिए। उन्होंने सभी को अपने कर्तव्यों का ईमानदारी और निष्ठा से निर्वहन करने की प्रेरणा दी।
• उपस्थिति – इस अवसर पर पुलिस उपाधीक्षक रुद्रप्रयाग विकास पुण्डीर, प्रतिसार निरीक्षक कैलाश शर्मा, उपनिरीक्षक दमयन्ती गरोड़िया, अपर उपनिरीक्षक (परिवहन) गीता प्रसाद मैठाणी, प्रभारी आशुलिपिक नरेन्द्र सिंह सहित अन्य पुलिस अधिकारी व कर्मचारी उपस्थित रहे।
