उत्तराखंड डेली न्यूज: ब्योरो
उत्तराखंड सीएम पुष्कर सिंह धामी ने केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल खट्टर से मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने मेरठ से हरिद्वार-ऋषिकेश तक मेट्रो का अनुरोध किया। उनके प्रस्ताव पर केंद्र ने सकारात्मक प्रतिक्रिया दी है।उत्तराखंड की पुष्कर सिंह धामी सरकार ने कुंभ क्षेत्र में बिजली लाइनें भूमिगत करने के साथ ही ऑटोमेटिक सिस्टम विकसित करने के लिए केंद्र से 750 करोड़ रुपये की मांग की है। साथ ही आरआरटीएस और मेट्रो परियोजना को मेरठ से हरिद्वार-ऋषिकेश तक विस्तारित करने का अनुरोध किया।नई दिल्ली में शनिवार को मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने केंद्रीय ऊर्जा मंत्री मनोहर लाल खट्टर से मिलकर राज्य से जुड़े विभिन्न प्रस्तावों को मंजूर करने का अनुरोध किया। धामी ने कहा कि कुंभ-2027 के लिए क्षेत्र में बिजली लाइनें भूमिगत करनी हैं। पावर सप्लाई सिस्टम ऑटोमेटिक होना है। सीएम ने आग्रह किया कि इसके लिए पहले चरण में 325 करोड़ जबकि दूसरे चरण में 425 करोड़ रुपये का बजट मंजूर किया जाए।हरिद्वार-ऋषिकेश तक मेट्रोधामी ने हरिद्वार और ऋषिकेश में गंगा घाट के सौंदर्यीकरण, आवासीय सुविधाओं के सुदृढ़ीकरण एवं शहरी अवसंरचना के विकास को केंद्र से सहयोग का अनुरोध किया। केंद्रीय मंत्री ने मुख्यमंत्री की ओर से दिए अहम प्रस्तावों पर सकारात्मक कार्यवाही का आश्वासन दिया।भूस्खलन प्रभावित सड़कों के लिए 461 करोड़ मंजूरकेंद्र सरकार ने राज्य में चारधाम मार्ग एवं सीमांत क्षेत्रों की सड़कों के सुधार के लिए 461 करोड़ का बजट मंजूर कर दिया है। सड़कों पर हुए भूस्खलन के उपचार के साथ ही रखरखाव के काम होंगे। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने इसके लिए केंद्रीय सड़क परिवहन मंत्री नितिन गड़करी का आभार जताया है।केंद्र ने उत्तरकाशी में राष्ट्रीय राजमार्ग-134 पर भूस्खलन से प्रभावित 17 स्थलों के उपचार को 233 करोड़ और पिथौरागढ़ में नेशनल हाइवे नौ के तवाघाट-घटियाबागड़ खंड में तीन संवेदनशील स्थलों के लिए 228 करोड़ रुपये की धनराशि मंजूर की गई है। इन सड़क परियोजनाओं के सुधार और मरम्मत के लिए बजट आवंटित होने से न केवल अब आपदा जोखिम को कम करने में सहायता मिल सकेगी, बल्कि दुर्गम एवं सीमांत क्षेत्रों में आवागमन को भी सुगम बनाया जा सकेगा।
