उत्तराखंड डेली न्यूज: ब्योरो

उत्तराखंड में आज मौसम का मिजाज बदलने वाला है। मौसम विभाग ने पहाड़ी इलाकों में हल्की बारिश और बर्फबारी के आसार जताए हैं। वहीं, मैदानी इलाकों में घुप कोहरा सताएगा।उत्तराखंड में मौसम का मिजाज मिला-जुला रहने वाला है। लंबे समय से सूखे जैसे हालात का सामना कर रहे प्रदेशवासियों के लिए मौसम विभाग गुड न्यूज लेकर आया है। आज राज्य के ऊंचाई वाले इलाकों में जहां बारिश और बर्फबारी हो सकती है, वहीं मैदानी इलाकों में घने कोहरे को लेकर चेतावनी जारी की है।मौसम विज्ञान केंद्र के निदेशक डॉ. सीएस तोमर ने बताया कि रविवार को उत्तरकाशी, चमोली और पिथौरागढ़ जिलों में कहीं-कहीं हल्की बारिश हो सकती है। इन जिलों में 3400 मीटर और उससे अधिक ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फबारी होने के भी आसार हैं। हालांकि, राज्य के शेष जनपदों में मौसम शुष्क रहेगा।छह जिलों में घने कोहरे का अलर्ट
पहाड़ों पर बर्फबारी की संभावना के बीच मैदानी इलाकों में कोहरे का प्रकोप जारी रहेगा। मौसम विभाग ने हरिद्वार, ऊधमसिंह नगर के अलावा नैनीताल, चंपावत, पौड़ी और देहरादून जिलों के मैदानी क्षेत्रों के लिए चेतावनी जारी की है। इन जिलों में कहीं-कहीं घना कोहरा छाए रहने की संभावना है। इससे विजिबिलिटी कम हो सकती है और यातायात प्रभावित हो सकता है। वाहन चालकों को सावधानी बरतने की सलाह दी गई है। जिससे दुर्घटना को टाला जा सके।दून में छाए बादल, दो डिग्री सेल्सियस गिरा पारा
देहरादून। दून समेत आसपास के इलाकों में शनिवार को बादल छाए रहे। बादलों के छाने से सर्दी में इजाफा हो गया। दून में शुक्रवार को अधिकतम तापमान सामान्य से तीन डिग्री ज्यादा 22.1 डिग्री था। शनिवार को अधिकतम तापमान सामान्य से एक डिग्री ज्यादा 20 डिग्री दर्ज किया गया। सुबह एवं दोपहर के समय हल्की धूप खिली लेकिन बादलों की वजह से मौसम ठंडा रहा। बाजार में कम चहल पहल रही। शाम होते ही लोग घरों में दुबक गए।
