उत्तराखंड डेली न्यूज: ब्योरो

यूजीसी को लेकर देशभर में चल रहे विरोध प्रदर्शनों के बीच सुराज सेवा दल के प्रदेश अध्यक्ष रमेश जोशी ने केंद्र सरकार और भारतीय जनता पार्टी पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने कहा कि यूजीसी को लेकर जो फैसला लिया गया है, वह केवल स्थगित हुआ है, लेकिन इसे पूरी तरह से वापस लेना जरूरी है। रमेश जोशी के अनुसार सरकार को यह स्पष्ट करना चाहिए कि आखिर यूजीसी लाने की जरूरत क्यों महसूस की जा रही है, जबकि देश में पहले से ही सीएसटी एक्ट लागू है और उसी को और मजबूत किया जा सकता है। उन्होंने चेतावनी दी कि मौजूदा हालात में यूजीसी लागू होने से समाज में टकराव बढ़ेगा और भाईचारे को गहरा नुकसान पहुंचेगा। उनके शब्दों में, “आज देश के हालात बद से बदतर होते जा रहे हैं। भाई भाई से लड़ने को तैयार है। अगर यूजीसी लागू हुई तो हर जगह लड़ाइयां होंगी, आंदोलन होंगे और पढ़ने वाले बच्चों का भविष्य अंधकार में चला जाएगा।” उन्होंने यह भी कहा कि ऐसे हालात देश की एकता और अखंडता के लिए खतरनाक साबित हो सकते हैं और उनकी संगठन की लड़ाई राष्ट्र को टूटने या बिकने से बचाने के लिए जारी रहेगी।
