उत्तराखंड डेली न्यूज: ब्योरो

सोशल मीडिया पर ’रील’ बनाने और प्रसिद्धि पाने के चक्कर में यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध जनपद रुद्रप्रयाग पुलिस ने सख्त रुख अख्तियार किया है। इंस्टाग्राम पर वायरल हुए एक वीडियो का संज्ञान लेते हुए पुलिस ने कुल 5 वाहनों के विरुद्ध मोटर वाहन अधिनियम के तहत दंडात्मक कार्यवाही की है।क्या है पूरा मामलाः हाल ही में सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म इंस्टाग्राम पर वायरल हो रहे एक वीडियो के सम्बन्ध में जागरुक नागरिकों द्वारा वीडियो लिंक रुद्रप्रयाग पुलिस को उपलब्ध कराया गया था। वीडियो के अवलोकन से ज्ञात हुआ कि राजकीय इंटर कॉलेज, रुद्रप्रयाग के छात्र-छात्राओं द्वारा फेयरवेल पार्टी के दौरान सड़क व नेशनल हाईवे पर चलते वाहनों की खिड़कियों से बाहर निकलकर खतरनाक तरीके से सफर किया जा रहा था। इस दौरान न केवल यातायात नियमों का उल्लंघन किया गया, बल्कि अपनी जान को भी जोखिम में डाला गया। वाहन चालकों द्वारा इस कृत्य को रोकने के बजाय इसे बढ़ावा दिया गया, जिसे पुलिस ने गंभीरता से लिया है।पुलिस की कार्यवाहीः सोशल मीडिया पर प्राप्त साक्ष्यों के आधार पर यातायात निरीक्षक रुद्रप्रयाग द्वारा तत्काल कार्यवाही करते हुए वीडियो में दिख रहे 5 वाहनों को चिन्हित किया गया। इन सभी वाहनों के विरुद्ध मोटर वाहन अधिनियम (MV Act) की संबंधित धाराओं में चालानी कार्यवाही की गई है।जनता से अपीलः रुद्रप्रयाग पुलिस आम जनमानस, विद्यार्थियों, अभिभावकों और शिक्षकों से विशेष अपील करती है कि किसी भी प्रकार के उत्सव या आयोजन को पूर्ण शालीनता और अनुशासन के साथ मनाएं। सड़कों पर स्टंटबाजी या यातायात नियमों का उल्लंघन कतई न करें। आपके द्वारा किया गया एक छोटा सा लापरवाह कृत्य किसी के जीवन के लिए घातक सिद्ध हो सकता है। सुरक्षित सफर ही सुखद उत्सव की पहचान है।
रुद्रप्रयाग पुलिस – आपकी सुरक्षा, हमारा संकल्प।
