उत्तराखंड डेली न्यूज़ :ब्योरो

*पुलिस उपाधीक्षक गुप्तकाशी और जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी के नेतृत्व में आज भी चला सर्च अभियान।*
*जे.सी.बी. मशीन की सहायता से व मैनुअल खुदाई कर की जा रही मलबा हटाने की कार्यवाही।*
रात्रि में हुई अतिवृष्टि एवं बादल फटने की घटना से बसुकेदार तहसील के कई गांव प्रभावित रहे थे। इनमें से छेनागाड़ नामक स्थल पर अत्यधिक जानमान का नुकसान हुआ था। इस क्षेत्र में एनडीआरएफ, एसडीआरएफ, डीडीआरएफ, पुलिस एवं अन्य बचाव दलों द्वारा लगातार सर्च एवं रेस्क्यू अभियान संचालित किया जा रहा है। विगत के कुछ दिनोें में लगातार खराब मौसम के कारण रेस्क्यू कार्य में दिक्कतें आ रही थीं। गत दिवस इस स्थल पर जे.सी.बी. मशीन भी पहुंचाई जा चुकी है।
आज प्रातःकाल से ही पुलिस उपाधीक्षक गुप्तकाशी विकास पुण्डीर व जिला आपदा प्रबन्धन अधिकारी नन्दन सिंह रजवार की उपस्थिति में इस क्षेत्र में जे.सी.बी. के माध्यम से व मैनुअल खुदाई कर सर्चिंग की गयी है। पुलिस उपाधीक्षक गुप्तकाशी विकास पुण्डीर ने अवगत कराया है कि छेनागाड़ तक पहुंचने वाले मोटर मार्ग को भी दुरुस्त किये जाने की कार्यवाही युद्धस्तर पर गतिमान है, यहां तक मोटर मार्ग दुरुस्त हो जाने की स्थिति में और अधिक मशीनरी (जे.सी.बी. व पोकलैण्ड) की सहायता से सर्चिंग की जायेगी।
