उत्तराखंड डेली न्यूज़ :ब्योरो

उत्तराखंड में मौसम विभाग ने आज के लिए देहरादून, टिहरी, पौड़ी, अल्मोड़ा, नैनीताल और बागेश्वर में भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट जारी किया है, जबकि अन्य जिलों में भी हल्की से मध्यम बारिश की संभावना है।उत्तराखंड में मॉनसून ने एक बार फिर करवट ली है और मौसम विभाग ने आज के लिए कई जिलों में भारी बारिश की चेतावनी जारी की है। पहाड़ों से लेकर मैदानों तक, बारिश का सिलसिला लोगों को राहत और चुनौतियां दोनों दे रहा है। आज कुछ जिलों में ऑरेंज तो कुछ में येलो अलर्ट जारी किया है। जानिए आज कहां कैसा मौसम रहेगा।इन जिलों में ऑरेंज अलर्ट,मौसम विभाग ने देहरादून, टिहरी, पौड़ी, अल्मोड़ा, नैनीताल और बागेश्वर में भारी से बहुत भारी बारिश की संभावना जताई है। इन जिलों के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है, जिसका मतलब है कि बारिश के साथ तेज हवाएं और बिजली चमकने की भी आशंका है। टिहरी में तो भारी बारिश के चलते स्कूलों को बंद करने का फैसला लिया गया है, ताकि बच्चों की सुरक्षा सुनिश्चित हो।इन जिलों में बारिश का येलो अलर्ट
रुद्रप्रयाग, चमोली, चंपावत और पिथौरागढ़ में मौसम विभाग ने येलो अलर्ट जारी किया है। यहां हल्की से मध्यम बारिश के साथ कुछ स्थानों पर तेज बौछारें पड़ सकती हैं। खासकर पहाड़ी इलाकों में भूस्खलन का खतरा बना हुआ है, इसलिए नदियों और संवेदनशील क्षेत्रों से दूरी बनाए रखें। मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि इन जिलों में बादलों की गड़गड़ाहट और बिजली गिरने की संभावना भी है।
अभी नहीं थमेगा बारिश का सिलसिला
उत्तराखंड में मॉनसून इस साल खासा सक्रिय रहा है। मौसम विभाग के मुताबिक, मॉनसून का असर 18 सितंबर तक बना रहेगा और इस दौरान कई जिलों में बारिश का दौर जारी रहेगा। सामान्य तौर पर मॉनसून सितंबर के आखिरी हफ्ते तक विदा हो जाता है, लेकिन इस बार जलवायु परिवर्तन और मौसम के बदले पैटर्न के कारण बारिश सामान्य से ज्यादा हो रही है। देहरादून में पिछले कुछ दिनों से धूप और बारिश का खेल चल रहा है, लेकिन शुक्रवार रात से शुरू हुई बारिश ने एक बार फिर मौसम को नम कर दिया है।
