उत्तराखंड डेली न्यूज :ब्योरो

देहरादून में बच्चों पर हमले की तीन अलग-अलग घटनाएं सामने आई हैं। एक केस में महिला ने डोरबेल बजाने पर मासूम की इतनी पिटाई की कि उसका सिर फट गया। दूसरे और तीसरे केस में सहपाठियों ने ही बच्चों पर बैट और कड़े से हमला किया।देहरादून में बच्चों और किशोरों पर हमलों के तीन अलग-अलग गंभीर मामले सामने आए हैं। तीन में से दो हमलों को किशोरों ने ही अंजाम दिया, इन घटनाओं ने चिंता बढ़ा है। एक मामले में डोरबेल बजाने पर महिला ने बच्चे को इतना मारा कि उसका सिर फट गया। इतना ही नहीं बच्चे की मां को जाति सूचक गालियां भी दी। पुलिस ने मामले में मुकदमा दर्ज कर लिया है।
डोरबेल बजाने पर बच्चे की पिटाई
सिंघल मंडी क्षेत्र में कन्हैया लाल ने शिकायत दी कि खेल-खेल में उनके बेटे ने पड़ोसी ओमप्रकाश सैनी के घर की डोरबेल बजा दी। आरोप है कि इस पर ओमप्रकाश की पत्नी ने बच्चे को घर के अंदर ले जाकर बुरी तरह पीटा और उसका सिर फाड़ दिया। साथ ही जातिसूचक शब्दों का प्रयोग कर धमकी भी दी। शहर कोतवाल प्रदीप पंत ने बताया कि शिकायत पर मुकदमा दर्ज कर जांच की जा रही है।
क्रिकेट बैट से सिर पर हमला
महबूब कॉलोनी, ब्राह्मणवाला क्षेत्र में रहने वाले एक 12 वर्षीय बच्चे पर पड़ोसी नाबालिग साथियों ने क्रिकेट बैट से हमला कर दिया। घटना 26 जुलाई 2025 की शाम करीब 7:30 बजे की है। जब बच्चा खेलने के लिए बुलाए जाने पर पड़ोसी के घर गया था। वहां मौजूद तीन नाबालिगों ने कथित तौर पर उसे रोका और सिर पर बैट से वार किया। जिससे बच्चे को गंभीर चोट लगी। बच्चे के पिता ने इस संबंध में पटेलनगर थाने में मंगलवार को केस दर्ज कराया है। पीड़ित बच्चे के पिता जाकिर अली ने अपनी शिकायत में बताया कि उनका बेटा घटना की शाम को पड़ोस में खेलने गया था। आने पर रात 9 से 9:30 बजे के बीच उसकी तबीयत बिगड़ गई। उसे खून की उल्टियां हुईं और वह बेहोश हो गया। रात करीब 11:30 से 12 बजे के बीच निजी अस्पताल की इमरजेंसी में भर्ती कराया गया। सीटी स्कैन और अन्य जांचों में सिर के अंदर रक्त के थक्के पाए गए। डॉक्टरों ने तत्काल ऑपरेशन की सलाह दी।27 जुलाई को सुबह 4 से 8 बजे के बीच ऑपरेशन किया गया। बच्चे को 18 दिन पीआईसीयू में और उसके बाद 15 दिन न्यूरो वार्ड में रखा गया। 27 अगस्त 2025 को अस्पताल से छुट्टी मिली। गले में नली लगी होने के कारण भोजन आदि उसी से दिया जाता रहा। बच्चा बोलने की स्थिति में नहीं था।
सहपाठी ने कड़े से सिर फाड़ा
तीसरा मामला विजय नगर कॉलोनी का है। स्कूल से लौटते वक्त 12वीं के छात्र पर सहपाठी ने हमला कर दिया। आरोप है कि कड़े को हथियार बनाकर सिर पर हमला किया गया। घायल के सिर पर 12 टांके लगे हैं। शिकायत पर शहर कोतवाली पुलिस ने मुकदमा दर्ज किया है। शहर कोतवाल प्रदीप पंत ने बताया कि मीना रावत निवासी विजय कालोनी हाथी बड़कला ने शिकायत दी। उनका भांजा 12वीं में पढ़ता है। बीती चार सितम्बर को वह स्कूल गया था। छुट्टी के समय उसी के स्कूल के एक छात्र ने अन्य छात्रों के साथ मिलकर मारपीट की। कड़े को हथियार की तरह प्रयोग कर बुरी तरह मारपीट कर उसका सिर फाड़ दिया और हाथ भी तोड़ दिया। शौर्य के सिर पर टांके आए और उसके हाथ पर प्लास्टर लगा है। घटना के बाद शौर्य मानसिक तनाव में है और स्कूल जाने से डर रहा है। शिकायत पर प्राथमिक जांच के बाद मंगलवार को छात्र और उसके एक साथी पर केस दर्ज किया गया।
