उत्तराखंड डेली न्यूज:ब्योरो
हरिद्वार, नैनीताल, पौड़ी और देहरादून… उत्तराखंड में आज कैसा रहेगा मौसम, जानिए
उत्तराखंड में फिलहाल 16 जनवरी तक मौसम साफ रहने की संभावना है। मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार, आज कुछ जनपदों के मैदानी क्षेत्रों में घने कोहरे का येलो अलर्ट जारी किया गया है।
उत्तराखंड में आज मौसम शुष्क रहेगा। शुष्क मौसम के बावजूद कड़ाके की ठंड पड़ रही है। मौसम विभाग के अनुसार, आज हरिद्वार, उधम सिंह नगर के अलावा नैनीताल, चंपावत, पौड़ी और देहरादून जनपदों के मैदान क्षेत्र में कहीं-कहीं घना कोहरा छा सकता है।
घने कोहरे का येलो अलर्ट जारी
मौसम विभाग ने इन जिलों में घने कोहरे का येलो अलर्ट जारी किया है। घने कोहरे के कारण वाहन चालकों को गाड़ी चलाते समय मुश्किल हो सकती है। कम दृश्यता के चलते हवाई सेवाएं भी प्रभावित होने के आसार हैं। वहीं, पर्वतीय इलाकों में पाला पड़ने से दुश्वारियां बढ़ सकती हैं। पाला पड़ने से फसलों को भी नुकसान पहुंच सकता है तो वहीं सड़कों पर भी गाड़ियों के लिए दिक्कत हो सकती है।मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार, अगले दो से तीन दिनों में प्रदेश में न्यूनतम तापमान में फिलहाल किसी तरह के परिवर्तन की संभावना नहीं है। सप्ताह के दौरान राज्य के पर्वतीय क्षेत्र में कहीं-कहीं हल्के से मध्यम दर्जे का कोहरा छाने की संभावना है।
देहरादून में पारा छह के पास पहुंचा
शनिवार को देहरादून का 22.8 और न्यूनतम तापमान 6.2 डिग्री सेल्सियस रहा। पंतनगर का अधिकतम तापमान 19.4 और न्यूनतम तापमान 1.4 डिग्री सेल्सियस रहा। मुक्तेश्वर का अधिकतम तापमान 14.5 और न्यूनतम तापमान माइनस 0.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। नई टिहरी का अधिकतम तापमान 14.6 और न्यूनतम तापमान 1.1 डिग्री सेल्सियस रहा।
ठंड में भी लग रही आग
उधर, शुष्क मौसम के चलते सर्दियों में भी जंगलों में आग लगने की घटना हो रही हैं। चमोली जनपद में नंदा देवी राष्ट्रीय पार्क के बफर जोन में एक महीने के भीतर दोबारा आग लगने से वन संपदा को भी नुकसान पहुंच रहा है।आग लगने के कारण पूरे क्षेत्र में धुआं हो रखा है तो वहीं शनिवार देश शाम थैंग गांव के जंगलों में भी आग लग गई, जिससे गांव के आसपास के जंगलों में भी संकट उत्पन्न हो गया है। फूलों की घाटी में कस्तूरा स्नो लेपर्ड सहित कई दुर्लभ वन्य जीव का डेरा भी है। आग लगने के कारण इन वन्य जीवों के जीवन पर भी खतरा उत्पन्न हो गया है। बारिश न होने के कारण जंगलों में सूखी झाड़ियों और पत्तों के कारण आग फैल रही है।
