उत्तराखंड डेली न्यूज: ब्योरो

उत्तराखंड के पहाड़ी क्षेत्रों में पाला और मैदानी जनपदों में शीतलहर सूखी ठंड बढ़ा रही है। हालांकि, दिन के समय धूप ठंड से राहत दे रही है। मौसम विभाग के अनुसार, 2 दिन बाद मौसम का मिजाज बदलने की उम्मीद है।उत्तराखंड में अगले कुछ दिनों में मौसम का मिजाज बदलने की उम्मीद है। प्रदेश में अगले दो दिन मौसम शुष्क रहेगा। हालांकि, पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने से पर्वतीय क्षेत्रों में बारिश और बर्फबारी होने की संभावना है। उत्तराखंड में लगातार मौसम शुष्क बना हुआ है। जिसके चलते सूखे जैसे हालात बन गए हैं। 2 दिन बाद मौसम में बदलाव आने की संभावना बन रही है।देहरादून में मंगलवार को सुबह के समय हल्की धुंध छाई रही। दिन के समय धूप निकली, लेकिन बादलों और धूप के बीच आंख-मिचौली चलती रही। सर्द हवाएं चलने के कारण ठंड भी बढ़ गई। शाम के समय आसमान साफ हो गया, लेकिन ठंड का कहर बरकरार रहा।मंगलवार को देहरादून का अधिकतम तापमान 19.8 और न्यूनतम तापमान 6.5 डिग्री सेल्सियस रहा। उधम सिंह नगर का अधिकतम तापमान 19.5 और न्यूनतम तापमान 5.6 डिग्री सेल्सियस रहा। मुक्तेश्वर का अधिकतम तापमान 18.7 और न्यूनतम तापमान 3.3 डिग्री सेल्सियस रहा। नई टिहरी का अधिकतम तापमान 14.8 और न्यूनतम तापमान 3.6 डिग्री सेल्सियस रहा।
पर्वतीय क्षेत्रों में पाला
वहीं, पर्वतीय क्षेत्रों में भी सर्द हवाएं चलने के कारण कंपकंपी बढ़ गई मौसम विज्ञान केंद्र ने प्रदेश के सभी जनपदों में आज मौसम शुष्क रहने का पूर्वानुमान जारी किया है। आज शुष्क मौसम के बावजूद ठंड का प्रकोप रहेगा। हरिद्वार, उधम सिंह नगर, नैनीताल, चंपावत, पौड़ी और देहरादून के मैदानी क्षेत्रों में कहीं-कहीं घना कोहरा छाया रहेगा। पर्वतीय क्षेत्रों में भी पाला पड़ने से परेशानियां हो सकती हैं।
हल्की बारिश की संभावना
उधम सिंह नगर और हरिद्वार में शीत दिवस की स्थिति को लेकर येलो अलर्ट जारी किया गया है। शुक्रवार को उत्तरकाशी, चमोली और पिथौरागढ़ में कहीं-कहीं हल्की बारिश और बर्फबारी होने की संभावना है।
