उत्तराखंड डेली न्यूज: ब्योरो

उत्तराखंड में मौसम शुष्क बना हुआ है, लेकिन मैदानी इलाकों में घना कोहरा और पर्वतीय क्षेत्रों में पाला पड़ रहा है। हरिद्वार और ऊधमसिंह नगर में घने कोहरे व शीतलहर का ऑरेंज अलर्ट जारी है। शुक्रवार से पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने से मौसम करवट बदलेगा। उत्तरकाशी, चमोली, पिथौरागढ़ के ऊंचे क्षेत्रों में हल्की बारिश-बर्फबारी की संभावना है, जबकि शेष जिलों में मौसम शुष्क रहेगा।उत्तराखंड में मौसम शुष्क बना हुआ है। मैदानी इलाकों में घने कोहरे और पर्वतीय क्षेत्रों में पाले के कारण जनजीवन प्रभावित हो रहा है। हालांकि, कुछ क्षेत्रों में तेज धूप खिलने से दिन के तापमान में हल्का उतार-चढ़ाव भी देखने को मिल रहा है। मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार आज प्रदेश के सभी जिलों में मौसम शुष्क रहने की संभावना है। हालांकि, शुक्रवार से पर्वतीय क्षेत्रों में मौसम करवट बदल सकता है और वर्षा-बर्फबारी संभव है।बुधवार को निचले इलाकों में सुबह हल्की धुंध व कोहरा छाया रहा। हालांकि, दोपहर में धूप खिल गई और कड़ाके की ठंड से फौरी राहत रही। वहीं, पहाड़ से मैदान तक सुबह-शाम कड़ाके की ठंड जारी है और पारे में भारी गिरावट से जनजीवन प्रभावित है। मौसम विभाग के अनुसार आज भी प्रदेश में मौसम शुष्क बना रह सकता है।हरिद्वार और ऊधमसिंह नगर में कहीं-कहीं घने से बहुत घना कोहरा छाए रहने की चेतावनी जारी करते हुए आरेंज अलर्ट घोषित किया है। इसके अलावा नैनीताल, चंपावत, पौड़ी और देहरादून जनपदों के मैदानी क्षेत्रों में भी कहीं-कहीं घना कोहरा छाए रहने की संभावना जताई गई है। पर्वतीय क्षेत्रों में तापमान में गिरावट के चलते कहीं-कहीं पाला पड़ने की आशंका है।वहीं, ऊधमसिंह नगर और हरिद्वार में शीत लहर चलने की चेतावनी है। इस कारण यहां स्कूल और आंगनबाड़ी केंद्रों में अवकाश रखा गया है।
