उत्तराखंड डेली न्यूज: ब्योरो

चंपावत में जिलाधिकारी मनीष कुमार ने अपात्र बीपीएल कार्ड धारकों के खिलाफ जांच के आदेश दिए हैं। कई आयकरदाता और सरकारी कर्मचारी भी बीपीएल कार्ड का लाभ ले रहे हैं, जिससे पात्रों को योजना का लाभ नहीं मिल पा रहा है। डीएम ने ऐसे लोगों से कार्ड सरेंडर करने को कहा है और गलत पाए जाने पर कार्रवाई की चेतावनी दी है, ताकि केवल पात्रों को ही सरकारी योजनाओं का लाभ मिल सके।गरीबी रेखा से ऊपर जीवन यापन करने वाले ऐसे परिवार जाे बीपीएल कार्ड का लाभ ले रहे हैं, अब उनके कार्ड जल्द ही निरस्त होंगे। जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया है कि ऐसे जो भी लोग हैं, अपना कार्ड सरेंडर करें। साथ ही वह जांच कराने के भी निर्देश दिए हैं। उन्होंनें कहा है कि योजनाओं का लाभ सिर्फ पात्रों को ही मिलना चाहिए।मंगलवार को कलट्रेट में कठियानौला, सिलिंग टाक, अमोड़ी सहित अन्य ग्राम के प्रधानों ने जिलाधिकारी मनीष कुमार को ज्ञापन दिया। जिसमें उन्होंने विभागीय योजनाओं की जानकारी उनतक न पहुंचने की बात कही। साथ ही कहा कि भू कटाव से बचाव के लिए और कृषि भूमि के लिए सुरक्षा दीवार बनाई जाए।कहा कि सुरक्षा दीवार न होने से किसानों को चिंता है। इसके अलावा कहा कि विभिन्न गांवों में कई ऐसे लाभार्थी हैँ, जिनके परिवार के सदस्य सरकारी सेवा में या व्यापार कर रहे हैं। उनकी आय सुदृढ़ है और कुछ आयकरदाता भी हैं, लेकिन उनका बीपीएल कार्ड है। ऐसे में उन राशन कार्ड को निरस्त कराकर पात्रों को आवंटित किया जाए।जिलाधिकारी ने कहा है कि जो भी अपात्र हैं वह राशन कार्ड सरेंडर करें। इसके लिए एक आदेश भी जारी किया जाएगा। इसके अलावा जांच कराई जाएगी। गलत पाए जाने पर कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने ग्राम प्रधानों के योजनाओं और बैठकों की जानकारी न मिलने पर कहा कि सब कुछ इंटरनेट मीडिया पर उपलब्ध है। रील और अन्य वीडियो देखने की जगह चंपावत एडमिनिस्ट्रेशन के पोस्ट को देखें। जहां सारी जानकारी और संचालित सरकारी योजनाओं से संबंधित पुस्तिका भी उपलब्ध है।
