उत्तराखंड डेली न्यूज: ब्योरो

उत्तराखंड में बारिश और बर्फबारी का दौर थम गया है, लेकिन मौसम फिर करवट लेगा। 28 जनवरी तक पर्वतीय क्षेत्रों के लिए अलर्ट जारी हुआ है। हालिया वर्षा से सूखे का दौर खत्म हुआ, हालांकि औसत से 31% कम बारिश दर्ज हुई। बागेश्वर में औसत से अधिक वर्षा हुई, जबकि टिहरी और यूएस नगर में कम रही। रविवार से मैदानी इलाकों में कोहरा और पहाड़ों पर बारिश की संभावना है।भले ही बारिश और बर्फबारी के बाद उत्तराखंड में मौसम साफ हो गया है, लेकिन ये मौसम फिर करवट लेगा। 28 जनवरी तक पर्वतीय क्षेत्रों के लिए अलर्ट जारी किया गया है। वहीं वसंत ऋतु अपने साथ बहार लेकर आई। उत्तराखंड में सर्दियों के सीजन की शुरुआत के बाद से जारी सूखे का दौर खत्म हुआ और आसमान से राहत बरसी। जमकर हुई बर्फबारी से पर्वतीय क्षेत्र चांदी की तरह चमक उठे। तो वहीं, मैदानी इलाकों में बौछारों ने सूखी ठंड के प्रभाव को खत्म किया। सप्ताहांत पर पहाड़ से लेकर मैदान तक मौसम के बदले मिजाज के बीच 24 घंटे में कुल 22 मिलीमीटर (एमएम) वर्षा रिकार्ड की गई। हालांकि, 24 जनवरी तक 31.7 एमएम औसत वर्षा होती है। ऐसे में अभी सामान्य से 31 प्रतिशत कम बारिश रही है।वहीं, प्रदेश में जिलेवार बारिश की स्थिति देखें तो बागेश्वर में सबसे ज्यादा बारिश हुई है। मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार बागेश्वर में 26.2 एमएम सामान्य वर्षा होती है। लेकिन शुक्रवार को 29.3 एमएम बारिश रिकार्ड की गई। ऐसे में औसत वर्षा से 37 प्रतिशत ज्यादा मेघ बरसे। अल्मोड़ा, नैनीताल, देहरादून और हरिद्वार जिले में भी सामान्य से अधिक बौछार हुई है। जबकि, टिहरी जिले में सामान्य से 70 प्रतिशत सबसे कम बारिश दर्ज की गई। यूएस नगर कम वर्षा वाले जिले में दूसरे स्थान पर है। यहां 60 प्रतिशत कम बारिश हुई है।मैदानी क्षेत्रों में कोहरा छाने की संभावनामौसम विज्ञान केंद्र की ओर से जारी पूर्वानुमान के अनुसार रविवार से मैदानी क्षेत्रों में कोहरा छाने की संभावना है। जबकि, पर्वतीय क्षेत्रों में बारिश होने के आसार हैं। 28 जनवरी तक पर्वतीय क्षेत्रों के लिए अलर्ट जारी किया गया है।
