उत्तराखंड डेली न्यूज़ :ब्योरो
सैनिक कल्याण मंत्री गणेश जोशी ने आज देहरादून के कनक चौक स्थित जनरल बिपिन रावत पार्क में देश के प्रथम सीडीएस स्वर्गीय जनरल बिपिन रावत की प्रतिमा पर पुष्पचक्र अर्पित कर उन्हें भावपूर्ण श्रद्धांजलि दी। वहीं कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी ने उन्हें याद किया और कहा कि जनरल रावत के प्रयासों से ही उत्तराखंड के युवाओं को सेना भर्ती में लंबाई में 5 सेंटीमीटर की छूट मिलना संभव हो पाया। पिथौरागढ़ और जोशीमठ में सेना की ब्रिगेड के माध्यम से सीमावर्ती गांवों के विकास में उनका महत्वपूर्ण योगदान रहा हैं। वहीं देहरादून के गुनियाल गांव में बन रहे भव्य ‘सैन्य धाम’ के मुख्य द्वार का नाम जनरल बिपिन रावत के नाम पर रखा गया है। इस अवसर पर कैंट विधायक सविता कपूर, सचिव सैनिक कल्याण युगल किशोर पंत, जनरल रावत के परिजन और बड़ी संख्या में पूर्व सैनिक व स्थानीय नागरिक मौजूद रहे। मंत्री ने कहा कि जनरल रावत का राष्ट्र के प्रति समर्पण आने वाली पीढ़ियों के लिए सदैव प्रेरणा स्रोत बना रहेगा।
