उत्तराखंड डेली न्यूज :ब्योरो
देहरादून में एलपीजी गैस की कालाबाजारी रोकने और शत-प्रतिशत होम डिलीवरी सुनिश्चित करने के लिए जिलाधिकारी सविन बंसल के निर्देश पर जिले में क्षेत्रवार क्यूआरटी टीमें गठित की गई हैं। टीमों ने आज विभिन्न गैस एजेंसियों का निरीक्षण कर मांग और आपूर्ति व्यवस्था का जायजा लिया।
जिला प्रशासन के कंट्रोल रूम में हेल्पलाइन नंबरों के माध्यम से गैस आपूर्ति से जुड़ी 28 शिकायतें प्राप्त हुईं, जिन पर तत्काल कार्रवाई की जा रही है। आज जिले में 17,355 घरेलू और 661 व्यावसायिक गैस सिलेंडरों की आपूर्ति की गई, जबकि 34,786 घरेलू और 4,080 व्यावसायिक सिलेंडर स्टॉक में उपलब्ध हैं। प्रशासन द्वारा आपूर्ति बढ़ाने के प्रयास जारी हैं।
