उत्तराखंड डेली न्यूज:ब्योरो
विश्व प्रसिद्ध केदारनाथ धाम के कपाट खुलने के साथ ही प्रतिदिन श्रद्धालुओं का सैलाब उमड़ पड़ा है। आज चौथा दिन यह आंकड़ा सवा लाख तक चला गया है। भीषण ठंड और कठिन भौगोलिक परिस्थितियों के बावजूद, उत्तराखंड पुलिस के जवान “सेवा और सुरक्षा” के अपने संकल्प को बखूबी निभा रहे हैं।
केदारनाथ में इन दिनों तापमान -4°C से -11°C तक गिर रहा है। इस हाड़ कंपाने वाली ठंड में भी पुलिसकर्मी 24 घंटे मुस्तैद रहकर श्रद्धालुओं की सहायता कर रहे हैं। भीड़ प्रबंधन से लेकर बुजुर्गों और असहायों को दर्शन कराने तक, पुलिस का मानवीय चेहरा हर ओर दिखाई दे रहा है।केदारनाथ धाम पहुंचे एक श्रद्धालु ने बताया, “लाखों की संख्या में श्रद्धालुओं की उपस्थिति में भी व्यवस्थाएं अत्यन्त सुव्यवस्थित हैं। पुलिस प्रशासन ने संभव कर दिखाया है। हम पूरी टीम के जज्बे और इच्छाशक्ति का हृदय से धन्यवाद करते हैं।” एक बुजुर्ग महिला श्रद्धालु ने भी पुलिसकर्मियों को अपना आशीर्वाद देते हुए उनके सेवा भाव की सराहना की।जनपद रुद्रप्रयाग पुलिस के स्तर से यात्रियों की सुरक्षा और सुगम दर्शन को सर्वोच्च प्राथमिकता पर रखा गया है। मंदिर परिसर और पैदल मार्ग पर पर्याप्त संख्या में बल तैनात किया गया है, ताकि हर श्रद्धालु बाबा केदार के दर्शन सुगमता से कर सकें।
