उत्तराखंड डेली न्यूज:ब्योरो
श्री केदारनाथ धाम यात्रा सुरक्षित, सुगम एवं सुव्यवस्थित ढंग से संचालित कराने के साथ-साथ श्रद्धालुओं की सहायता के लिए रुद्रप्रयाग पुलिस सदैव तत्पर है। जनपद रुद्रप्रयाग पुलिस द्वारा मित्र पुलिस के सेवा के संकल्प को निरंतर चरितार्थ किया जा रहा है, यात्रा मार्ग और धाम परिसर में उमड़ रही भीड़ के बीच सुरक्षा व्यवस्था के साथ-साथ पुलिस बिछड़े हुए श्रद्धालुओं की मदद के लिये भी तत्परता के साथ कार्य कर रही है, इसी क्रम में जनपद रुद्रप्रयाग पुलिस के स्तर से मानवीय दृष्टिकोंण अपनाते हुये अलग-अलग मामलों में त्वरित कार्यवाही कर श्रद्धालुओं की हर सम्भव सहायता की गयी है।
1- गत रात्रि लगभग 8:15 बजे चौकी गौरीकुण्ड पुलिस को सूचना मिली कि अजमेर, राजस्थान निवासी श्रद्धालु श्री विकास मेहरा जो कि श्री केदारनाथ यात्रा पर आये थे, वापस लौटते समय पैदल यात्रा मार्ग उनका कीमती सामान कहीं गुम हो गया है। सूचना प्राप्त होते ही आरक्षी जयपाल सिंह चौहान एवं होमगार्ड जवान सुमन्त कुमार द्वारा त्वरित कार्यवाही करते हुए अथक प्रयासों से कुछ ही समय में उक्त सामान को ढूंढ निकाला गया, तत्पश्चात सामान को सकुशल विकास मेहरा जी के सुपुर्द किया गया। अपना सामान वापस पाकर श्रद्धालु और उनके परिवार ने रुद्रप्रयाग पुलिस का सहृदय आभार व्यक्त किया और जवानों की कर्तव्यनिष्ठा की प्रशंसा की।
2- चौकी गौरीकुण्ड को सूचना प्राप्त हुई कि मुंबई निवासी श्रद्धालु श्री शिवम राव का कीमती सामान यात्रा मार्ग में कहीं खो गया है। अपना सामान खो जाने के कारण श्रद्धालु काफी परेशान थे। सूचना का तत्काल संज्ञान लेते हुए आरक्षी महेश बिजल्वाण अथक प्रयासों के उपरान्त श्रद्धालु का खोया हुआ सामान ढूंढ निकाला और श्रद्धालु श्री शिवम राव जी के सुपुर्द किया। अपना खोया हुआ सामान वापस पाकर श्रद्धालु ने रुद्रप्रयाग पुलिस की कार्यप्रणाली की सराहना की और पुलिस टीम का हृदय से आभार व्यक्त किया।
3- आज जनपद पौड़ी गढ़वाल के ग्राम नीलकंठ निवासी श्रीमती सरोज देवी (उम्र 65 वर्ष), पत्नी श्री राम किशोर, अपनी परिजनों श्रीमती विमला देवी आदि के साथ बाबा केदार के दर्शन हेतु आई थी। यात्रा के दौरान भारी भीड़ के कारण श्रीमती सरोज देवी घोड़ा पड़ाव के पास अपने परिजनों से बिछड़ गईं। काफी खोजबीन के बाद भी जब उनका पता नहीं चला, तो परिजनों द्वारा इसकी सूचना पुलिस को दी गई। सूचना प्राप्त होते ही 112 में नियुक्त मुख्य आरक्षी सुशील थपलियाल, आरक्षी राजेश कुमार तथा आरक्षी अनुज द्वारा संयुक्त रुप से खोजबीन अभियान शुरू किया, शीघ्र ही पुलिस टीम ने कुशलतापूर्वक उक्त श्रद्धालु को ढूंढ़ निकाला एवं उनको परिजनों के सुपुर्द किया गया। अपनी बुजुर्ग परिजन को सुरक्षित वापस पाकर विमला देवी एवं अन्य परिजनों की आंखों में खुशी के आंसू छलक आए। उन्होंने उत्तराखंड पुलिस की तत्परता और कार्यशैली की सराहना करते हुए टीम का तहे दिल से आभार व्यक्त किया।
4- आज श्री केदारनाथ धाम परिसर में श्रद्धालुओं की अत्यधिक भीड़ के कारण एक बुजुर्ग श्रद्धालु अपने परिजनों से बिछड़ गयी थी। अपनों से अलग होने के कारण श्रद्धालु काफी परेशान और असमंजस की स्थिति में थी। सूचना प्राप्त होने पर ड्यूटी पर तैनात महिला आरक्षी ममता ने तत्काल मोर्चा संभाला। उन्होंने त्वरित सूझबूझ का परिचय देते हुए पीए सिस्टम के माध्यम से निरंतर अनाउंसमेंट कराकर एवं व्यक्तिगत प्रयासों के फलस्वरूप बिछड़ी हुयी श्रद्धालु के परिजनों से स्थापित कर श्रद्धालु को सकुशल उनके परिजनों से मिलवाया गया। जिस पर श्रद्धालु तथा उनके परिजनों के चेहरे खिल उठे। उन्होंने महिला आरक्षी ममता और रुद्रप्रयाग पुलिस की कार्यप्रणाली की भूरि-भूरि प्रशंसा की तथा पुलिस का हृदय से आभार प्रकट किया।
5- आज मंदिर दर्शन हेतु आयी एक महिला श्रद्धालु का बैग अचानक मंदिर प्रांगण में कहीं खो गया था। बैग के खोने से महिला काफी चिंतित थीं क्योंकि उस बैग में उनके महत्वपूर्ण दस्तावेज और नकद धनराशि मौजूद थी। बैग गुम होने की सूचना उनके द्वारा पुलिस को दी गयी, सूचना मिलते ही ड्यूटी पर तैनात आरक्षी अष्टम रावत और महिला आरक्षी भारती जोशी ने तुरंत सक्रियता दिखाई, पुलिस टीम द्वारा त्वरित कार्यवाही करते हुए मंदिर परिसर और आसपास के क्षेत्र में सघन खोजबीन की गई, अथक प्रयासों के उपरान्त उक्त बैग सकुशल ढूंढ निकाला गया। तत्पश्चात बैग को सुरक्षित रूप से महिला श्रद्धालु के सुपुर्द कर दिया गया। अपना बैग वापस पाकर महिला श्रद्धालु ने पुलिस टीम की त्वरित सहायता के लिए आभार प्रकट किया
6- आज श्री केदारनाथ धाम में पुलिस टीम को एक श्रद्धालु के मोबाइल फोन खो जाने की सूचना प्राप्त हुई। मोबाइल में श्रद्धालु का महत्वपूर्ण व्यक्तिगत डेटा और संपर्क सूत्र होने के कारण वह काफी परेशान थे। मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए आरक्षी राजेश और महिला आरक्षी ममता द्वारा तुरंत मोबाइल फोन की खोजबीन शुरू की गई। पुलिस टीम ने संभावित स्थानों पर बारीकी से छानबीन की और अथक प्रयासों के बाद उक्त मोबाइल फोन को सफलतापूर्वक बरामद कर लिया। बरामद किए गए फोन की पुष्टि करने के पश्चात आरक्षी राजेश और महिला आरक्षी ममता द्वारा उसे श्रद्धालु के सुपुर्द कर दिया गया। अपना फोन सुरक्षित वापस पाकर श्रद्धालु द्वारा पुलिस टीम की तत्परता और ईमानदारी की सराहना की गई एवं आभार व्यक्त किया गया।
