उत्तराखंड डेली न्यूज :ब्योरो
प्रचलित केदारनाथ यात्रा को सुरक्षित और सुगम बनाने के लिए बाहरी जनपदों से रुद्रप्रयाग में तैनात पुलिस बल अपनी सेवा और समर्पण से “मित्र पुलिस” की छवि को धरातल पर उतार रहा है। इसी क्रम में आज जनपद नैनीताल से रुद्रप्रयाग में यातायात ड्यूटी पर आए जवानों ने एक 7 वर्षीय बालिका को भीड़ में बिछड़ने के कुछ ही देर भीतर सकुशल ढूंढकर उसके माता-पिता के सुपुर्द किया।घटना का विवरण – आज दिनांक 11 मई 2026 को केदारनाथ यात्रा के दौरान शिवन्या सिंह (उम्र 7 वर्ष), पुत्री श्री गोविंद सिंह, निवासी: फरीदाबाद, हरियाणा, अपने माता-पिता से बिछड़ गई थी। बच्ची के लापता होने से परिजन अत्यन्त घबराए हुए थे और बदहवास स्थिति में थे।तत्परता से कार्यवाही – मामले की जानकारी मिलते ही यात्रा ड्यूटी (रुद्रप्रयाग) में तैनात नैनीताल पुलिस के सब इंस्पेक्टर भगवान सिंह नैनवाल और कांस्टेबल मोहम्मद इरफान तत्काल हरकत में आए। पुलिस टीम द्वारा त्वरित रूप से सर्च अभियान चलाते हुए आसपास के पड़ावों पर सूचना प्रसारित की गई और बच्ची के परिजनों की तलाश शुरू की गई।सकुशल मिलाप – टीम के अथक प्रयासों से बच्ची के पिता को सीतापुर पार्किंग के पास ढूंढ निकाला गया। पुलिस कर्मियों ने मासूम शिवन्या को सुरक्षित उनके सुपुर्द किया। अपनी लाडली को वापस पाकर परिजनों की आंखों में खुशी के आंसू छलक आए और उन्होंने उत्तराखंड पुलिस का बार-बार आभार जताते हुए जवानों की सेवा भावना की मुक्तकंठ से प्रशंसा की।उत्तराखंड पुलिस के ये जवान अपनी विषम परिस्थितियों में ड्यूटी के साथ-साथ यात्रियों की हर संभव सहायता कर “सेवा सर्वोपरि” के संकल्प को सिद्ध कर रहे हैं।
