उत्तराखंड डेली न्यूज:ब्योरो
बाबा केदारनाथ की पावन यात्रा पर आए श्रद्धालुओं की सुरक्षा और सहायता के लिए प्रतिबद्ध उत्तराखण्ड पुलिस ने एक बार फिर ईमानदारी और कर्तव्यपरायणता की अनूठी मिसाल पेश की है। केदारनाथ मंदिर परिसर में ड्यूटी पर तैनात एक महिला आरक्षी की सतर्कता और ईमानदारी के कारण हरियाणा के कैथल से आए एक श्रद्धालु का नोटों से भरा बैग उन्हें सकुशल वापस मिल गया है।
*क्या है पूरा मामला?* – हरियाणा के कैथल से केदारनाथ धाम दर्शन के लिए आए एक श्रद्धालु का ₹50,000 की नकदी और महत्वपूर्ण दस्तावेजों से भरा बैग मंदिर के निकासी गेट के पास कहीं छूट या गिर गया था। ड्यूटी में तैनात महिला आरक्षी रुचि को यह लावारिस बैग मिला। आरक्षी रुचि ने तुरन्त ईमानदारी का परिचय देते हुए बैग को अपने कब्जे में लिया और इसकी सूचना प्रसारित कराई गई।
इसके बाद बैग के वास्तविक स्वामी (श्रद्धालु) की खोजबीन की गई। पूरी तस्दीक और पहचान करने के बाद, श्रद्धालु को बुलाकर उनका बैग सौंपा गया। बैग में रखे हुए पूरे ₹50,000 ज्यों के त्यों सुरक्षित पाकर श्रद्धालु के चेहरे पर खुशी लौट आई।
*श्रद्धालु ने जताया उत्तराखंड पुलिस का आभार* – अपना खोया हुआ धन और बैग वापस पाकर भावुक हुए श्रद्धालु ने उत्तराखंड पुलिस और महिला आरक्षी रुचि का धन्यवाद करते हुए कहा कि ”मैं केदारनाथ यात्रा पर आया था। मेरा बैग यहाँ VIP गेट के पास मिसिंग हो गया था। पुलिसकर्मी को यह मिला और उन्होंने मेरे ₹50,000 जो इसके अंदर थे, वो सारे के सारे ज्यों के त्यों लौटाए। उनकी ईमानदारी के लिए मैं उनका बहुत-बहुत धन्यवाद करता हूँ। उत्तराखण्ड पुलिस बहुत अच्छा संदेश दे रही है… उत्तराखण्ड पुलिस की तरफ़ से केदारनाथ व्यवस्था बहुत बढ़िया है। धन्यवाद।”
