उत्तराखंड डेली न्यूज:ब्योरो
श्री केदारनाथ धाम यात्रा-2026 के दृष्टिगत श्रद्धालुओं की सुरक्षा, सहायता एवं सुगम दर्शन हेतु तैनात पुलिस बल निरंतर तत्परता और संवेदनशीलता की मिसाल पेश कर रहा है। इसी क्रम में रुद्रप्रयाग पुलिस की सजगता से एक बुजुर्ग महिला श्रद्धालु को अत्यंत विषम परिस्थितियों एवं भारी भीड़ के बीच से सकुशल रेस्क्यू कर उनके परिजनों से मिलाया गया।श्रीमती सोमी बहन ,उम्र 60 वर्ष, पत्नी श्री रणधीर आमिर, निवासी जिला मोरबी, गुजरात अपने परिजनों के साथ बाबा केदारनाथ के दर्शन हेतु आयी हुयी थी, अत्यधिक भीड़ होने के कारण श्रीमती सोमी बहन अचानक अपने परिवार से बिछड़ गयी, परिजनों द्वारा काफी खोजबीन करने के बाद भी जब वह नहीं मिल पायी तो उनके द्वारा अत्यंत व्याकुलता की स्थिति में आपातकालीन सेवा ‘112’ के माध्यम से पुलिस को सूचना दी गयी। सूचना प्राप्त होते ही आपातकालीन सेवा 112 केदारनाथ धाम में सुरक्षा ड्यूटी पर तैनात मुख्य आरक्षी सुशील थपलियाल, आरक्षी राजेश कुमार तथा आरक्षी अनुज ने मामले को अत्यंत संवेदनशीलता से लिया, बिना समय गंवाये उन्होंने संयुक्त रुप से महिला की खोजबीन आरम्भ की तथा अपनी सूझबूझ और कड़ी मेहनत से उक्त पुलिस टीम ने उत्कृष्ट समन्वय और त्वरित कार्यवाही का परिचय देते हुये मात्र 1 घंटे के भीतर बुजुर्ग महिला श्रीमती सोमी बहन को सकुशल ढूंढ निकाला। पुलिस टीम द्वारा महिला को ढांढस बंधाते हुए उनके परिजनों से संपर्क किया गया और उन्हें सुरक्षित उनके परिवार के सुपुर्द किया गया।
अत्यधिक विकट परिस्थितियों में अपनी बुजुर्ग माता को सुरक्षित पाकर परिजनों की आंखों में खुशी के आंसू छलक आये। पीड़ित परिवार द्वारा रुद्रप्रयाग पुलिस की इस त्वरित, मानवीय और संवेदनशील कार्यवाही की भूरि-भूरि प्रशंसा की गयी तथा पुलिस कर्मियों का सह-हृदय आभार प्रकट किया गया।
