उत्तराखंड डेली न्यूज: ब्योरो
मुख्यमंत्री के निर्देशों के क्रम में राजधानी देहरादून में जन-समस्याओं के त्वरित और प्रभावी निस्तारण के लिए जिला प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद है। साप्ताहिक जनदर्शन कार्यक्रमों के साथ-साथ अब सरकारी दफ्तरों में रोजाना आने वाले फरियादियों की शिकायतों को भी गंभीरता से लिया जा रहा है।हाल ही में आयोजित एक महत्वपूर्ण जनदर्शन कार्यक्रम में लगभग 300 आवेदक अपनी विभिन्न समस्याओं को लेकर पहुंचे। जिला अधिकारी सविन बंसल ने बताया कि इस दौरान सामाजिक सुरक्षा योजनाओं का लाभ, निजी भूमि विवाद और विभागीय समन्वय की कमी जैसी कई गंभीर शिकायतें सामने आईं।ऑन-स्पॉट रिलीफ पर फोकस,DM सविन बंसल ने स्पष्ट किया कि प्रशासन का मुख्य उद्देश्य जनता को ‘ऑन-स्पॉट’ (मौके पर ही) राहत पहुंचाना है। इसके लिए सभी विभागीय अधिकारियों को मौके पर ही मोबिलाइज किया जाता है। जिन मामलों में शासन के स्तर से दिशा-निर्देशों की आवश्यकता होती है या जांच टीमों को समय चाहिए, उन्हें समयबद्ध (Time-bound) किया जा रहा है। प्रत्येक शिकायत की निगरानी ‘लेटर मॉनिटरिंग सिस्टम’ के माध्यम से की जा रही है ताकि पारदर्शिता बनी रहे।पब्लिक इंटरफेस और गवर्नेंस पर जोर,जिला अधिकारी ने कहा, “हम जितना अधिक पब्लिक इंटरफेस मजबूत करेंगे, गवर्नेंस में आम जनता का भरोसा उतना ही बढ़ेगा। सीधे संवाद से धरातल की असल समस्याओं का पता चलता है।” उन्होंने बताया कि जिला योजना और खनिज न्यास जैसे फंड्स का आवश्यकतानुसार सदुपयोग किया जा रहा है ताकि जनहित के कार्यों में निवेश का अधिकतम लाभ जनता को मिल सके। इस व्यवस्था में जन-प्रतिनिधियों का भी पूरा सहयोग लिया जा रहा है।
