उत्तराखंड डेली न्यूज :ब्योरो
*चौकी भीमबली और चौकी लिंचोली पुलिस के आपसी समन्वय से मिली बड़ी सफलता।*
*बीमार और चलने में असमर्थ युवक को कंडी के सहारे सुरक्षित रेस्क्यू कर परिजनों को सौंपा।*
*सकुशल बरामदगी पर परिजनों ने जताया उत्तराखण्ड पुलिस का तहेदिल से आभार।*
श्री केदारनाथ धाम यात्रा पर आए और अपने परिजनों से बिछड़े एक दिल्ली निवासी युवक को उत्तराखण्ड पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए चंद घंटों के भीतर सकुशल बरामद कर लिया है। पुलिस ने न केवल युवक को ढूंढ निकाला, बल्कि उसकी अस्वस्थ स्थिति को देखते हुए उसे सुरक्षित रेस्क्यू कर उसकी बड़ी बहन को सुपुर्द किया।क्या था पूरा मामला? – दिनांक 18 मई 2026 की सुबह चौकी प्रभारी भीमबली को एक भावुक कॉल प्राप्त हुई। कॉलर प्रिया कलाकोटी (निवासी दिल्ली) ने अत्यंत परेशान होते हुए बताया कि उनका भाई नितिन कलाकोटी शुक्रवार को दिल्ली से श्री केदारनाथ धाम यात्रा पर आया था। गत 17 मई को उससे आखिरी बार बात हुई थी, जिसके बाद से उसका फोन लगातार बंद आ रहा है और उससे किसी भी प्रकार का संपर्क नहीं हो पा रहा है।पुलिस की त्वरित कार्रवाई और खोजबीन – सूचना की संवेदनशीलता को देखते हुए चौकी प्रभारी भीमबली ने तत्काल संज्ञान लिया। कॉलर प्रिया कलाकोटी से व्हाट्सएप के माध्यम से गुमशुदा नितिन का फोटो मंगवाया गया। इसके तुरंत बाद चौकी प्रभारी के नेतृत्व में पुलिस टीम जिसमें कांस्टेबल रामनारायण ध्यानी, होमगार्ड प्रेम सिंह और होमगार्ड मुलायम शामिल थे, गुमशुदा की तलाश में छोटी लिंचोली की ओर रवाना हुए। साथ ही, बेहतर समन्वय स्थापित करते हुए लिनचोली चौकी प्रभारी अनूप शर्मा को भी गुमशुदा का फोटो उपलब्ध कराया गया और उन्हें अपने क्षेत्र में सघन चेकिंग व खोजबीन करने का आग्रह किया गया।साहसिक रेस्क्यू और सकुशल बरामदगी चौकी भीमबली और लिंचोली पुलिस के आपसी तालमेल और कड़ी मशक्कत के बाद आखिरकार गुमशुदा नितिन कलाकोटी को ढूंढ निकाला गया। प्रथम दृष्टया नितिन अत्यधिक अस्वस्थ महसूस कर रहा था, उसके पैरों में तेज दर्द था और वह चलने की स्थिति में बिल्कुल नहीं था।मानवता और कर्तव्य का परिचय देते हुए पुलिस टीम ने तुरंत कंडी (डोली) की व्यवस्था की और युवक को सुरक्षित व सकुशल बैठाकर चौकी भीमबली लेकर आए।परिजनों के चेहरे पर लौटी मुस्कान – युवक की सकुशल बरामदगी की सूचना तुरंत दिल्ली में रह रहे उसके माता-पिता को दी गई। माता-पिता की सहमति और निर्देशानुसार, आज दिनांक 19 मई 2026 को दिल्ली से पहुंचीं युवक की बड़ी बहन प्रिया कलाकोटी (पुत्री नरेंद्र प्रसाद कलाकोटी, निवासी 572 जी देवली, बैंक कॉलोनी खानपुर, न्यू दिल्ली) को पुलिस ने उनके भाई नितिन को सकुशल सुपुर्द कर दिया।अपने भाई को सही-सलामत वापस पाकर बहन प्रिया और उनके पूरे परिवार की आंखें नम हो गईं। उन्होंने विषम परिस्थितियों में देवदूत बनकर काम करने वाली उत्तराखण्ड पुलिस की कार्यप्रणाली की भूरि-भूरि प्रशंसा की और पूरी टीम का तहेदिल से आभार प्रकट किया।
सराहनीय कार्य करने वाली पुलिस टीम का विवरण –
1. अपर उपनिरीक्षक यशपाल सिंह चौकी प्रभारी भीमबली
2. अपर उपनिरीक्षक अनूप शर्मा, चौकी प्रभारी लिंचोली
3. आरक्षी रामनारायण ध्यानी, चौकी भीमबली
4. होमगार्ड प्रेम सिंह, चौकी भीमबली
5. होमगार्ड मुलायम सिंह चौकी भीमबली
*सोशल मीडिया सैल पुलिस कार्यालय रुद्रप्रयाग।*
