उत्तराखंड डेली न्यूज: ब्योरो
पूर्व मुख्यमंत्री भुवन चंद्र खंडूड़ी के पार्थिव शरीर का आज अंतिम संस्कार किया जाएगा। उपराष्ट्रपति आज उन्हें श्रद्धांजलि देने देहरादून आ रहे हैं। राज्य में सरकार ने तीन दिन राजकीय शोक का ऐलान किया है।पूर्व मुख्यमंत्री और भाजपा के वयोवृद्ध नेता मेजर जनरल भुवन चंद्र खंडूड़ी (सेनि) का मंगलवार सुबह निधन हो गया। खंडूड़ी लंबे समय से बीमार थे और उन्हें वेंटिलेटर पर रखा गया था। खंडूड़ी के निधन पर राज्य सरकार ने तीन दिन का राजकीय शोक घोषित किया है।खंडूड़ी के निधन की खबर से राज्य में शोक की लहर दौड़ गई। Xमेजर जनरल खंडूड़ी राज्य की राजनीति में अनुशासित कार्यशैली और कड़क छवि के लिए जाने जाते थे। वे दो बार राज्य के मुख्यमंत्री और लंबे समय तक गढ़वाल सांसद रहे। उनके निधन पर राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी, राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल गुरमीत सिंह, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट, कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल आदि ने दुख व्यक्त किया है।बेटे मनीष गम में डूबे
खंडूड़ी के निधन के बाद वसंत विहार स्थित आवास पर उनकी पत्नी अरुणा खंडूड़ी पति के पार्थिव शरीर को देखकर भावुक हो गईं। उन्होंने नम आंखों और कांपते हाथों से पति को पुष्प अर्पित कर अंतिम विदाई दी। इस दौरान उनके बेटे मनीष खंडूड़ी भी पिता को खोने के गहरे गम में डूबे और बेहद भावुक नजर आए।
अंतिम संस्कार आज
पूर्व मुख्यमंत्री बीसी खंडूड़ी का अंतिम संस्कार बुधवार दोपहर 12 बजे हरिद्वार स्थित खड़खड़ी घाट पर होगा। इससे पूर्व सुबह साढ़े दस बजे उनके पार्थिव शरीर अंतिम दर्शन के लिए बलबीर रोड स्थित भाजपा कार्यालय ले जाया जाएगा। खंडूड़ी को श्रद्धांजलि देने वसंत विहार पहुंचे कैबिनेट मंत्री खजान दास फफक पड़े। उनके साथ ही मौजूद कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी और दर्जाधारी अशोक वर्मा भी भावुक दिखे। माैके पर कई नेता और समर्थकों में मायूसी नजर आई।खंडूड़ी के निधन पर आज स्कूल-दफ्तरों में अवकाश,पूर्व मुख्यमंत्री भुवन चंद्र खंडूड़ी के निधन पर राज्य सरकार ने उत्तराखंड में तीन दिन के राजकीय शोक की घोषणा की है। बुधवार को सभी सरकारी कार्यालय, सरकारी-निजी स्कूल समेत तमाम शिक्षण संस्थानों में भी अवकाश रहेगा। अपर सचिव महावीर सिंह चौहान की ओर से जारी आदेश के अनुसार, 19 से 21 मई तक राजकीय शोक रहेगा। इस दौरान सभी सरकारी दफ्तरों में राष्ट्रीय ध्वज आधा झुका रहेगा। किसी प्रकार के शासकीय मनोरंजन कार्यक्रम नहीं किए जाएंगे। सरकार की ओर से बताया गया कि पूर्व मुख्यमंत्री बीसी खंडूड़ी का अंतिम संस्कार बुधवार को पूरे राजकीय सम्मान से किया जाएगा। वहीं, मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने छत्तीसगढ़ से लौटते ही वसंत विहार स्थित आवास पहुंचकर पूर्व सीएम को श्रद्धांजलि अर्पित की।
उपराष्ट्रपति आज पहुंचेंगे
पूर्व मुख्यमंत्री बीसी खंडूड़ी को श्रद्धांजलि देने उपराष्ट्रपति सीपी कृष्णन बुधवार को देहरादून पहुंचेंगे। उनकी यात्रा का कार्यक्रम पुलिस को मिला है। एसपी सिटी प्रमोद कुमार ने इसकी पुष्टि की है। तय कार्यक्रम के अनुसार वे जौलीग्रांट एयरपोर्ट से पूर्व मुख्यमंत्री के आवास पर पहुंचेंगे। इसे लेकर पुलिस मंगलवार रात को ही तैयारी में जुट गई। बुधवार को सुरक्षा के मद्देनजर कई जगह रूट डायवर्ट भी किया जा सकता है।
पीएम मोदी और राष्ट्रपति ने दी श्रद्धांजलि
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने कहा कि भुवन चंद्र खंडूड़ी ने सेना में उत्कृष्ट सेवा देने के बाद विकास की राजनीति का उदाहरण प्रस्तुत किया। देश व राज्य के विकास में उनकी भूमिका हमेशा याद रखी जाएगी। वहीं, पीएम मोदी ने कहा कि मुख्यमंत्री और केंद्रीय मंत्री के रूप में भुवन चंद्र खंडूड़ी का कार्यकाल सभी के लिए प्रेरणादायक है। मेरी संवेदनाएं उनके परिवार और समर्थकों के साथ है।
