उत्तराखंड डेली न्यूज :ब्योरो
तीर्थनगरी ऋषिकेश में ग्रीष्मकालीन अवकाश शुरू होते ही होटल-कैंप पर्यटकों से गुलजार होने लगे हैं।शनिवार को तपोवन, स्वर्गाश्रम, लक्ष्मणझूला, मुनिकीरेती के प्रमुख होटलों में बुकिंग फुल रही। शिवपुरी, मोहनचट्टी आदि ऊंचाई वाले क्षेत्रों में कैंपों में भी पर्यटकों की खासी रौनक है। इससे स्थानीय पर्यटन कारोबार में तेजी देखने को मिल रही है।
स्कूलों में ग्रीष्मकालीन अवकाश
चारधाम के चलते पिछले एक महीने से ऋषिकेश में तीर्थ यात्रियों का खासा दबाव देखने को मिल रहा है। वहीं, शनिवार से उत्तराखंड समेत कई राज्यों के स्कूलों में ग्रीष्मकालीन अवकाश शुरू होने से पर्यटक ऋषिकेश का रुख करने लगे हैं।शनिवार सुबह से पिछले सप्ताहांत की तुलना में पर्यटक वाहनों का अधिक दबाव देखने को मिला। देर रात तक हरिद्वार व देहरादून मार्ग की ओर से पर्यटक वाहन ऋषिकेश पहुंचते रहे। वहीं, शनिवार को प्रमुख होटलों की बुकिंग दोपहर तक फुल हो गई।रविवार के लिए भी अधिकांश होटल की एडवांस बुकिंग हो चुकी हैं। तपोवन व लक्ष्मणझूला में होटल की सबसे अधिक मांग है। पर्यटकों को यहां नैसर्गिक सौंदर्य व शांति खूब भा रही है। पर्यटकों की रौनक से होटल कारोबारियों के चेहरे खिले हैं। आने वाले दिनों में पर्यटन कारोबार में अधिक तेजी आने की संभावना है।
