उत्तराखंड डेली न्यूज: ब्योरो
डाक विभाग ने डाक सेवाओं के विस्तार और स्थानीय स्तर पर स्वरोजगार को बढ़ावा देने के लिए पोस्ट ऑफिस फ्रेंचाइजी योजना शुरू की है। इस योजना के तहत इच्छुक व्यक्ति अपने क्षेत्र में डाकघर की फ्रेंचाइजी लेकर विभिन्न डाक सेवाएं संचालित कर सकेंगे। रेल डाक सेवा मोतिहारी के माध्यम से आवेदन की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। विभाग का मानना है कि इससे आम लोगों को घर के नजदीक डाक सुविधाएं मिलेंगी और युवाओं को रोजगार के नए अवसर प्राप्त होंगे। अधीक्षक रेल डाक सेवा ‘यू’ मंडल, मुजफ्फरपुर डॉ. आशुतोष आदित्य ने बताया कि योजना का उद्देश्य उन क्षेत्रों तक डाक सेवाएं पहुंचाना है, जहां विभाग द्वारा सीधे सेवाएं संचालित करना व्यावहारिक नहीं है। उन्होंने कहा कि इच्छुक व्यक्ति निर्धारित आवेदन पत्र भरकर फ्रेंचाइजी के लिए आवेदन कर सकते हैं। आवेदन प्राप्त होने के बाद विभागीय स्तर पर उसकी जांच की जाएगी। इसके साथ ही आवेदक के प्रस्तावित स्थल का भौतिक सत्यापन भी कराया जाएगा। सभी मानकों को पूरा करने पर फ्रेंचाइजी की स्वीकृति प्रदान की जाएगी। फ्रेंचाइजी मिलने के बाद संचालक को कई महत्वपूर्ण डाक सेवाएं उपलब्ध कराने का अधिकार होगा। इसके तहत स्पीड पोस्ट बुकिंग, रजिस्टर्ड डाक बुकिंग, पार्सल बुकिंग तथा अन्य डाक सेवाओं का संचालन किया जा सकेगा। इसके अलावा अंतरराष्ट्रीय डाक सामग्री की बुकिंग की सुविधा भी उपलब्ध कराई जाएगी। इससे स्थानीय लोगों को छोटी-छोटी डाक संबंधी जरूरतों के लिए मुख्य डाकघर या आरएमएस कार्यालय का चक्कर नहीं लगाना पड़ेगा।
योजना का सबसे अधिक लाभ ग्रामीण क्षेत्र के लोगों को मिलेगा इस योजना से सबसे अधिक लाभ ग्रामीण क्षेत्रों के निवासियों, छोटे व्यापारियों, विद्यार्थियों तथा नौकरी के लिए आवेदन करने वाले युवाओं को मिलेगा। अब उन्हें स्पीड पोस्ट, रजिस्ट्री और पार्सल भेजने के लिए दूर नहीं जाना होगा। उनके क्षेत्र में ही ये सुविधाएं उपलब्ध हो सकेंगी। इससे समय और पैसे दोनों की बचत होगी। फ्रेंचाइजी लेने के इच्छुक व्यक्ति किसी भी कार्य दिवस में रेल डाक सेवा मोतिहारी कार्यालय पहुंचकर विस्तृत जानकारी प्राप्त कर सकते हैं। वहीं से आधिकारिक आवेदन पत्र भी उपलब्ध कराया जाएगा। आवेदन पत्र के साथ आधार कार्ड, पैन कार्ड, शैक्षणिक प्रमाण पत्र तथा अन्य आवश्यक दस्तावेज जमा करने होंगे।
