उत्तराखंड डेली न्यूज: ब्योरो
दून मेडिकल कॉलेज अस्पताल में नर्सिंग संवर्ग में बढ़ते विवाद ने बड़े आरोपों को जन्म दिया है। 50 से अधिक नर्सिंग अधिकारियों ने सहायक नर्सिंग अधीक्षक (एएनएस) पर दुर्व्यवहार और भेदभाव के आरोप लगाए हैं। निदेशक ने मामले की जांच के लिए कमेटी बनाने का निर्देश दिया है।दून मेडिकल कॉलेज अस्पताल में नर्सिंग संवर्ग में विवाद बढ़ता जा रहा है। निदेशक से लेकर मंत्री तक शिकायतें की गई है। सहायक नर्सिंग अधीक्षक (एएनएस) की पचास से ज्यादा नर्सिंग अधिकारियों ने शिकायत निदेशक एवं एमएस से की है। एएनएस पर दुर्व्यवहार, ड्यूटी में भेदभाव, मानसिक प्रताड़ना, तबादले की धमकी, शिकायत न सुनने और कर्मचारियों के बीच गुटबाजी को बढ़ावा देने जैसे गंभीर आरोप लगाए गए हैं। निष्पक्ष जांच कर कार्रवाई की मांग की है। वहीं, इस संबंध में पूर्व में भी अस्पताल के एक अफसर से शिकायत करने, लेकिन कोई कार्रवाई न करने का आरोप है। इससे आक्रोश बढ़ रहा है। उधर, एएनएस ने आरोपों को निराधार बताया है। कहा कि किसी कर्मचारी से अभद्र व्यवहार नहीं किया। बिना सूचना अनुपस्थित रहने, समय पर ड्यूटी पर न आने और सुपरवाइजर ड्यूटी न करने वाले स्टाफ को चेतावनी दी गई है। कुछ लोग उन्हें बेवजह विवाद में घसीट रहे हैं। मरीज हित में वह अपना कार्य करेगी एवं जांच में अपना पक्ष रखेगी।अस्पताल के वार्डों में बनी गुटबाजी,सूत्रों ने बताया कि अस्पताल में इन दिनों नर्सिंग संवर्ग में जबरदस्त गुटबाजी बनी हुई है। नर्सिंग दिवस के विवाद, यूनियन को लेकर शिकायतें और फिर यूनियन द्वारा मंत्री से शिकायतें, एएनएस पर दोबारा आरोप, नर्सिंग अधिकारियों में दो गुट बने हुए हैं। हर वार्ड में गुटबाजी चरम पर है। अस्पताल स्तर पर इस गुटबाजी पर सख्ती नहीं बरती गई, जिस वजह से अब मामला अस्पताल, कॉलेज से निदेशालय एवं मंत्री स्तर तक पहुंच गया है। वहां से निर्देशों के बाद अब कमेटी गठित की जा रही है। गुटबाजी के चलते कार्य एवं मरीजों की देखरेख भी प्रभावित है।निदेशक ने लिया संज्ञान, रिपोर्ट तलब,दून अस्पताल में एएनएस पर 50 नर्सिंग अधिकारियों द्वारा गंभीर आरोप लगाने पर निदेशक ने संज्ञान लिया है। निदेशक डॉ. अजय आर्य ने इस पर प्राचार्य डॉ गीता जैन से विस्तृत रिपोर्ट मांगी है। प्राचार्य डॉ. गीता जैन की ओर से एमएस डॉ आरएस बिष्ट की अध्यक्षता में इस मामले में कमेटी गठित की जा रही है। मंत्री सुबोध उनियाल तक भी यह मामला पहुंचा है।
नर्सिंग अधिकारी अल्मोडा अटैच
निदेशक के निर्देश पर प्राचार्य द्वारा एक नवनियुक्त नर्सिंग अधिकारी अल्मोड़ा अटैच किया गया है। पूर्व में यहां दो गुटों में नर्सिंग दिवस पर विवाद सामने आया था। मंत्री और शासन में दोनों पक्ष से शिकायतें हुई हैं। कॉलेज स्तर पर इसकी जांच भी चल रही है।
