उत्तराखंड डेली न्यूज :ब्योरो
वृंदा गार्डन, कारगी चौक में उक्रांद की केंद्रीय कार्यकारिणी की महत्वपूर्ण बैठक केंद्रीय अध्यक्ष सुरेंद्र कुकरेती की अध्यक्षता में संपन्न हुई। बैठक में दल के सर्वोच्च नेता काशी सिंह एरी, पूर्व केंद्रीय अध्यक्ष एवं संरक्षक नारायण सिंह जंतवाल, पूर्व केंद्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व विधायक पुष्पेश त्रिपाठी समेत केंद्रीय पदाधिकारी एवं कार्यकारिणी के सदस्य उपस्थित रहे।बैठक में संगठन की मजबूती, आगामी विधानसभा चुनावों की रणनीति, जनसरोकारों से जुड़े मुद्दों, संगठनात्मक अनुशासन, सदस्यता अभियान तथा बूथ स्तर तक संगठन के विस्तार पर विस्तृत चर्चा की गई।
उक्रांद की बैठक के दौरान मौजूद पदाधिकारी।
साथ ही राज्य के ज्वलंत मुद्दों पर व्यापक जनआंदोलन चलाने और जनता के बीच लगातार सक्रिय रहने का निर्णय लिया गया। केंद्रीय अध्यक्ष सुरेंद्र कुकरेती ने कहा कि उत्तराखंड की जनता अब परिवर्तन का मन बना चुकी है। भाजपा और कांग्रेस की नीतियों से प्रदेश निराश है। उक्रांद ही राज्य के मूल मुद्दों भू-कानून, मूल निवास, रोजगार, पलायन, शिक्षा, स्वास्थ्य और उत्तराखंड के संसाधनों पर प्रदेशवासियों के अधिकार की सच्ची लड़ाई लड़ रहा है।उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव में उत्तराखंड क्रांति दल पूर्ण बहुमत के साथ सरकार बनाएगा और राज्य निर्माण के मूल उद्देश्यों को साकार करते हुए उत्तराखंड को विकास, स्वाभिमान और जनहित की नई दिशा देगा।
