उत्तराखंड डेली न्यूज: ब्योरो
सहारनपुर में कांवड़ यात्रा को सुरक्षित और व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए व्यापक तैयारियां की जा रही हैं। दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेसवे पर कांवड़ियों का आवागमन प्रतिबंधित रहेगा। सुरक्षा व्यवस्था और निगरानी हेतु भारी पुलिस बल तैनात किया जाएगा। शिवालयों की सुरक्षा और कांवड़ यात्रा मार्ग पर अस्थायी चौकियां भी स्थापित की जाएंगी।सहारनपुर, संवाददाता। कांवड़ यात्रा को सुरक्षित और व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए पुलिस और प्रशासन ने व्यापक तैयारियां शुरू कर दी हैं। दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेसवे पर कांवड़ियों के आवागमन पर प्रतिबंध रहेगा और इसका उपयोग केवल सामान्य यातायात के लिए किया जाएगा। वहीं, जिलेभर में सुरक्षा व्यवस्था को और अधिक मजबूत बनाने के लिए भारी पुलिस बल की तैनाती रहेगी। इसके साथ ही ड्रोन और सीसीटीवी कैमरों से निगरानी की जाएगी। हरियाणा और उत्तराखंड़ के पुलिस-प्रशासनिक अधिकारियों के साथ समन्वय बनाकर रूट डायवर्जन प्लान भी तैयार किया जा रहा है। इसके साथ ही कंट्रोल रूम, सेक्टर व जोन व्यवस्था सहित कई महत्वपूर्ण कदम उठाए जाएंगे।यात्रा के दौरान सुरक्षा व्यवस्था
सहारनपुर से होकर हरियाणा, पंजाब, जम्मू-कश्मीर और अन्य राज्यों के लाखों शिवभक्त कांवड़ लेकर निकलते हैं। पुलिस के अनुसार यात्रा के दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखने, श्रद्धालुओं की सुरक्षा सुनिश्चित करने और आमजन को किसी भी तरह की असुविधा न हो, इसके लिए सभी विभागों के साथ समन्वय स्थापित किया जा रहा है। हाल ही में शुरू हुए दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेसवे पर कांवड़ियों का आवागमन इस बार प्रतिबंधित रहेगा। एक्सप्रेसवे का उपयोग केवल सामान्य यातायात के लिए किया जाएगा। इसके लिए विस्तृत रूट डायवर्जन प्लान तैयार किया जा रहा है। यात्रा के दौरान हरियाणा और उत्तराखंड पुलिस के साथ लगातार समन्वय स्थापित रहेगा। ताकि सीमावर्ती क्षेत्रों में यातायात और सुरक्षा व्यवस्था बेहतर बनी रहे। राज्य सीमाओं पर विशेष निगरानी रखी जाएगी और सूचना का आदान-प्रदान लगातार किया जाएगा। जिले में प्रमुख मार्गों, चौराहों और संवेदनशील स्थानों पर बड़ी संख्या में पुलिस बल की तैनाती की जाएगी। इसके अलावा पीएसी और अन्य सुरक्षा बलों की भी आवश्यकता अनुसार तैनाती की जाएगी।सहारनपुर। एसएसपी अभिनंदन सिंह, एसपी देहात मयंक पाठक और एसपी सिटी व्योम बिंदल ने कांवड़ मार्ग का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान बड़कला बॉर्डर, काली नदी पुलिस चौकी बॉर्डर, गागलहेड़ी, देहरादून चौक, घंटाघर, अंबाला रोड व शाहजहांपुर पुलिस चौकी, सरसावा बॉर्डर तक कांवड़ मार्ग की व्यवस्था देखी। एसएसपी ने निर्देश दिए कि कांवड़ यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं की सुरक्षा व सुगम आवागमन सर्वोच्च प्राथमिकता रहे। कांवड़ मार्ग पर पुलिस गश्त, प्रभावी यातायात प्रबंधन, संवेदनशील स्थलों पर विशेष सतर्कता, सीसीटीवी और अन्य सुरक्षा व्यवस्थाओं को सुदृढ़ रखते हुए सभी आवश्यक प्रबंध समय से पूर्ण किए जाएं।
अस्थाई चौकियां और कंट्रोल रूम
सहारनपुर। कांवड़ यात्रा मार्ग पर अस्थायी पुलिस चौकियां स्थापित की जाएंगी। इसके साथ ही डेडिकेटेड कंट्रोल रूम बनाए जाएंगे, जहां से पूरे जिले की गतिविधियों पर नजर रखी जाएगी। यात्रा को बेहतर ढंग से संचालित करने के लिए सेक्टर और जोन व्यवस्था भी लागू की जाएगी। प्रत्येक सेक्टर और जोन के लिए अलग-अलग अधिकारियों की जिम्मेदारी तय की जाएगी।
शिवालयों की सुरक्षा
सहारनपुर। जिले के शिवालयों की सुरक्षा चाकचौबंद रहेगी। मंदिर परिसरों में पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती के साथ-साथ सीसीटीवी कैमरे, बेहतर प्रकाश व्यवस्था और पब्लिक एड्रेस सिस्टम की व्यवस्था सुनिश्चित की जाएगी। ताकि श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े।डीजे और झांकियों के दिशा-निर्देश,सहारनपुर। कांवड़ यात्रा के दौरान डीजे और झांकियों को लेकर भी स्पष्ट दिशा-निर्देश जारी किए हैं। केवल निर्धारित मानकों के अनुरूप ही डीजे बजाए जा सकेंगे और झांकियां निकाली जाएंगी। निर्धारित सीमा से अधिक ध्वनि प्रदूषण, स्टंटबाजी और दोपहिया वाहनों पर मॉडिफाइड साइलेंसर का उपयोग करने वालों को रोका जाएगा।
सोशल मीडिया पर नजर
सहारनपुर। सोशल मीडिया पर भी पुलिस की विशेष नजर रहेगी। अफवाह फैलाने, भ्रामक जानकारी साझा करने और सौहार्द बिगाड़ने वाले संदेश प्रसारित करने वालों के खिलाफ तत्काल कार्रवाई की जाएगी। इसके लिए साइबर सेल और सोशल मीडिया मॉनिटरिंग टीम को सक्रिय रखा जाएगा।
स्वच्छता की व्यवस्था
सहारनपुर। जिले में बड़ी संख्या में कांवड़ शिविर लगाए जाते हैं, जहां पर तमाम सामाजिक संगठन कांवडि़यों रहने, खाने-पीने, नहाने-धोने और भोजन की व्यवस्था करते हैं। 24 घंटे कांवडि़यों की सेवा की जाती है। इसके लिए जिला पूर्ति अधिकारी नियमित निरीक्षण करेंगे। प्रशासन का उद्देश्य है कि शिविरों में स्वास्थ्य और स्वच्छता संबंधी सभी मानकों का पालन सुनिश्चित हो।
