उत्तराखंड डेली न्यूज :ब्योरो
उत्तराखंड क्रांति दल (यूकेडी) ने शिक्षा विभाग में शिक्षकों के समायोजन को लेकर गंभीर सवाल उठाते हुए नियम विरुद्ध किए गए समायोजन को तत्काल निरस्त करने की मांग की है। यूकेडी के केंद्रीय कार्यालय प्रभारी देव चंद उत्तराखंडी ने महानिदेशक शिक्षा को पत्र भेजकर आरोप लगाया कि कुछ शिक्षकों को नियमों की अनदेखी कर लाभपहुंचाया गया है। उनका दावा है कि एक वरिष्ठ अधिकारी की पत्नी सहित कुछ चहेते लोगों के पक्ष में समायोजन कर शिक्षा व्यवस्था की पारदर्शिता पर प्रश्नचिह्न लगा दिया गया है। देव चंद उत्तराखंडी ने कहा कि शिक्षा विभाग में स्थानांतरण और समायोजन की प्रक्रिया पूरी तरह निष्पक्ष और पारदर्शी होनी चाहिए, लेकिन वर्तमान मामले में नियमों की अनदेखी की गई है। उन्होंने आरोप लगाया कि स्थानांतरण प्रक्रिया को एक प्रकार का ‘उद्योग’ बना दिया गया है, जो अत्यंत दुर्भाग्यपूर्ण है। उन्होंने शिक्षा मंत्री से मांग की कि नियम विरुद्ध किए गए सभी समायोजन तत्काल प्रभाव से निरस्त किए जाएं। यूकेडी ने चेतावनी दी कि यदि मांग पर शीघ्र कार्रवाई नहीं हुई तो पार्टी शिक्षा विभाग के खिलाफ व्यापक आंदोलन शुरू करेगी। साथ ही एक प्रतिनिधिमंडल मुख्यमंत्री से मिलकर पूरे मामले की जानकारी देगा। उन्होंने यह भी कहा कि कुछ अधिकारी नियमों के उल्लंघन को उचित ठहराने के लिए मुख्यमंत्री का नाम ले रहे हैं, जिसकी निष्पक्ष जांच होनी चाहिए। यूकेडी ने शिक्षक संगठनों से भी इस मुद्दे पर सहयोग की अपील करते हुए कहा कि दुर्गम क्षेत्रों में सेवा देने वाले शिक्षकों को स्थानांतरण का न्यायसंगत लाभ मिलना चाहिए।
