
उत्तराखंड डेली न्यूज: ब्योरो
मॉडिफाइड साइलेंसर और हुड़दंग मचाने वाले सैकड़ों वाहनों के कटे चालान, कई वाहन सीज
यातायात नियमों का पूरी तरह पालन करने वाले कांवड़ियों और श्रद्धालुओं का पुलिस ने बढ़ाया हौसला।
पवित्र श्रावण मास एवं कांवड़ यात्रा को शांतिपूर्ण, सुरक्षित और सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने हेतु रुद्रप्रयाग पुलिस द्वारा जनपद स्तर पर सघन चेकिंग अभियान चलाया गया। पुलिस प्रशासन का स्पष्ट संदेश है कि यात्रा की आड़ में पर्वतीय क्षेत्र की शांति व्यवस्था और कांवड़ यात्रा की पवित्रता भंग करने वाले असामाजिक तत्वों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा। हाल के दिनों में कुछ व्यक्तियों द्वारा दुपहिया वाहनों से ओरिजिनल साइलेंसर हटाकर पटाखे जैसी तेज आवाज निकालने वाले मॉडिफाइड साइलेंसर का प्रयोग किया जा रहा था। इससे न केवल यातायात बाधित हो रहा था, बल्कि गंभीर ध्वनि प्रदूषण के कारण स्थानीय निवासियों, बुजुर्गों, विद्यार्थियों और मरीजों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा था। जनहित तथा कांवड़ यात्रा की गरिमा को ध्यान में रखते हुए पुलिस द्वारा आज विशेष कार्यवाही की गई।
• व्यापक चेकिंग अभियान: जनपद के सभी प्रमुख प्रवेश द्वारों, यात्रा मार्गों और कोतवाली क्षेत्रों में पुलिस टीमों द्वारा दुपहिया वाहनों की कड़ी जांच की गई।
• कड़ी चालानी व सीज़र कार्रवाई: मॉडिफाइड/पटाखेदार साइलेंसर लगाने, ट्रिपल राइडिंग करने, स्टंटबाजी और यातायात नियमों की अवहेलना करने वाले सैकड़ों वाहनों पर मोटर वाहन अधिनियम (M.V. Act) के तहत कार्रवाई करते हुए चालान काटे गए तथा कई वाहनों को मौके पर ही सीज किया गया।
• अनुशासित श्रद्धालुओं को शाबासी: कार्यवाही के साथ-साथ पुलिस का मानवीय और सराहनीय चेहरा भी सामने आया। चेकिंग के दौरान जो श्रद्धालु व वाहन चालक हेलमेट पहनकर और पूरी तरह यातायात नियमों का पालन करते हुए यात्रा करते पाए गए, पुलिस अधिकारियों ने उनकी पीठ थपथपाकर उनका आभार व्यक्त किया और हौसला बढ़ाया।
• सख्त चेतावनी: पुलिस प्रशासन द्वारा सभी वाहन चालकों को चेतावनी दी गई है कि श्रद्धा और आस्था की आड़ में किसी भी प्रकार की अराजकता, तेज ध्वनि प्रदूषण या नियमों का उल्लंघन बिल्कुल बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
