
उत्तराखंड डेली न्यूज :ब्योरो
ऋषिकेश, सावन के पावन महीने में भगवान नीलकंठ महादेव के धाम में आस्था का सैलाब उमड़ पड़ा है। हरिद्वार से गंगाजल लेकर बड़ी संख्या में कांवड़ यात्री नीलकंठ महादेव के जलाभिषेक के लिए पहुंच रहे हैं। रविवार को क्षेत्र में कांवड़ यात्रियों की भारी भीड़ नजर आई। पैदल मार्ग से लेकर मंदिर परिसर तक हर ओर भगवा रंग दिखाई दिया। हर-हर महादेव और बम-बम भोले के जयघोष से पूरा क्षेत्र गूंजता रहा।
कांवड़ यात्री कई किलोमीटर की पैदल यात्रा कर नीलकंठ धाम पहुंच रहे हैं। कंधों पर सजी कांवड़, हाथों में तिरंगा और भगवा ध्वज तथा जुबां पर भोलेनाथ का जयघोष श्रद्धालुओं के उत्साह को और बढ़ा रहा है। युवा कांवड़ियों के साथ महिलाएं और बुजुर्ग श्रद्धालु भी बड़ी संख्या में नीलकंठ पहुंच रहे हैं।
पैदल मार्ग पर बढ़ी चहल-पहल :
कांवड़ यात्रियों की संख्या बढ़ने के साथ ही नीलकंठ पैदल मार्ग पर चहल-पहल बढ़ गई है। जगह-जगह श्रद्धालु कुछ देर विश्राम करने के बाद फिर अपनी मंजिल की ओर बढ़ते नजर आए। रास्ते में स्थानीय लोगों और स्वयंसेवकों की ओर से भी श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए सहयोग किया जा रहा है।
सुरक्षा व्यवस्था पर विशेष नजर :
भारी संख्या में कांवड़ यात्रियों के पहुंचने को देखते हुए पुलिस और प्रशासन की ओर से सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत किया गया है। पैदल मार्ग, मंदिर परिसर और प्रमुख स्थानों पर पुलिसकर्मी तैनात हैं। किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए निगरानी और त्वरित प्रतिक्रिया व्यवस्था पर भी विशेष ध्यान दिया जा रहा है।पूरे यात्रा क्षेत्र में लगे 70 सीसीटीवी कैमरों और ड्रोन के माध्यम से भी निगरानी की जा रही है। कंट्रोल रूम से यात्रा क्षेत्र की गतिविधियों पर लगातार नजर रखी जा रही है। भीड़ बढ़ने वाले स्थानों पर पुलिस जवानों के साथ समन्वय बनाकर व्यवस्था संभाली जा रही है।
स्वास्थ्य सेवाएं भी मुस्तैद :
कांवड़ यात्रियों की भारी भीड़ को देखते हुए स्वास्थ्य विभाग की टीमें भी अलर्ट हैं। पैदल मार्ग और यात्रा क्षेत्र में स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं। किसी श्रद्धालु की तबीयत बिगड़ने या चोट लगने की स्थिति में तत्काल प्राथमिक उपचार उपलब्ध कराने के साथ जरूरत पड़ने पर अस्पताल पहुंचाने की व्यवस्था की गई है।
आस्था और उत्साह का दिखा संगम :
नीलकंठ पहुंच रहे कांवड़ यात्रियों में भगवान शिव के प्रति गजब का उत्साह देखने को मिल रहा है। कठिन पैदल यात्रा की थकान भी श्रद्धालुओं की आस्था के सामने फीकी पड़ रही है। जलाभिषेक के बाद श्रद्धालु भगवान नीलकंठ महादेव के दर्शन कर खुद को धन्य मान रहे हैं।
कांवड़ यात्रियों की भारी आमद से नीलकंठ धाम में माहौल पूरी तरह शिवमय हो गया है। जैसे-जैसे कांवड़ यात्रा आगे बढ़ रही है, श्रद्धालुओं की संख्या में भी लगातार बढ़ोतरी देखने को मिल रही है।
